इसौली में कमल खिलाने की जिम्मेदारी किसे? चर्चाओं में सबसे आगे बबीता तिवारी

इसौली विधानसभा क्षेत्र से समाचार 18 न्यूज़ के लिए रोहित टंडन की खास रिपोर्ट
सुलतानपुर। आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर इसौली विधानसभा में राजनीतिक सरगर्मियां लगातार बढ़ रही हैं। भाजपा के संभावित प्रत्याशियों को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच पार्टी नेत्री बबीता तिवारी का नाम तेजी से उभरकर सामने आ रहा है। संगठन में लंबे समय से सक्रिय रहने, विभिन्न राज्यों के चुनाव अभियानों में जिम्मेदारियां निभाने और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं से मजबूत संवाद के चलते उन्हें भाजपा कार्यकर्ताओं की पहली पसंद के रूप में देखा जा रहा है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इसौली विधानसभा में भाजपा को ऐसे चेहरे की तलाश है जो संगठन को मजबूती देने के साथ-साथ जनता के बीच प्रभावी उपस्थिति रखता हो। बबीता तिवारी का नाम इसी कारण चर्चा में है। पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि उन्होंने संगठन के लिए वर्षों तक विभिन्न राज्यों में काम किया है और चुनावी प्रबंधन का अच्छा अनुभव रखती हैं।

इसौली विधानसभा लंबे समय से विकास की बड़ी परियोजनाओं के इंतजार में रही है। अमेठी और अयोध्या जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों से सटी होने के बावजूद यहां अपेक्षित विकास नहीं हो सका। ऐसे में क्षेत्र की जनता अब ऐसे नेतृत्व की ओर देख रही है जो विकास को प्राथमिकता देकर विधानसभा को नई पहचान दिला सके।

भाजपा के स्थानीय कार्यकर्ताओं का मानना है कि महिला नेतृत्व के रूप में बबीता तिवारी क्षेत्र की महिलाओं, युवाओं और नए मतदाताओं को जोड़ने की क्षमता रखती हैं। मिशन शक्ति, महिला सशक्तिकरण और संगठनात्मक मजबूती को लेकर उनकी सक्रियता भी चर्चा का विषय बनी हुई है।

हालांकि टिकट को लेकर अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व को करना है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज है कि यदि भाजपा इसौली में नए समीकरणों और मजबूत संगठनात्मक चेहरे पर दांव लगाती है तो बबीता तिवारी की दावेदारी को नजरअंदाज करना आसान नहीं होगा।

फिलहाल चुनाव में अभी समय है, लेकिन इसौली विधानसभा की राजनीति में बबीता तिवारी का नाम लगातार चर्चा के केंद्र में बना हुआ है। समर्थकों का मानना है कि यदि उन्हें अवसर मिला तो वह न केवल भाजपा को मजबूती दे सकती हैं, बल्कि क्षेत्र के विकास को भी नई दिशा देने का प्रयास कर सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *