पंजाब के धर्मकोट में बोले मुख्यमंत्री: पंजाब और हरियाणा का रिश्ता एक दिल में दो धड़कनों जैसा, दोनों प्रदेशों की साझा विरासत और संस्कृति को आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी
हरियाणा में 70 संकल्प पूरे, 143 पर काम जारी, बिना पर्ची-बिना खर्ची युवाओं को रोजगार और किसानों की पूरी फसल एमएसपी पर खरीदने का किया काम
नई दिल्ली, 31 अक्टूबर- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कश्यप समाज का इतिहास सेवा, त्याग, परिश्रम और राष्ट्रभक्ति की गौरवशाली परंपरा से जुड़ा है। समाज ने हर दौर में देश और समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। रामायण काल से लेकर गुरु साहिबान के समय तक समाज के महापुरुषों ने अपने कार्यों और बलिदान से ऐसी मिसालें कायम की हैं, जो आज भी आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देती हैं। उन्होंने कहा कि समाज को शिक्षा और संगठन के माध्यम से मजबूत बनाते हुए इस गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी शनिवार को पंजाब के धर्मकोट में आयोजित कश्यप मेहरा समाज के कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित संत-महात्माओं, समाज के प्रबुद्धजनों, माताओं-बहनों और बुजुर्गों का अभिवादन किया तथा आयोजन से जुड़े सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।

सरदार पटेल ने देश की रियासतों को एकता के सूत्र में पिरोया
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती है। उन्होंने देश की 500 से अधिक रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। सरदार पटेल का जीवन हमें राष्ट्रीय एकता और अखंडता के लिए समर्पित रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने बताया कि आज सुबह उन्होंने हजारों युवाओं के साथ रन फॉर यूनिटी में भाग लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल के योगदान को याद करना और उनके दिखाए एकता के मार्ग पर चलना हम सभी का दायित्व है।
महर्षि कश्यप और निषादराज की परंपरा समाज के लिए प्रेरणास्रोत
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि महर्षि कश्यप महान परोपकारी और प्रजापालक थे। वेदों, उपनिषदों और पुराणों में उनके योगदान का उल्लेख मिलता है। उनका जीवन समाज को परोपकार और लोककल्याण का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि रामायण काल में राजा निषादराज ने भगवान श्रीराम को आश्रय दिया और गंगा पार करवाने में सहयोग किया। इसी प्रकार श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के पंच प्यारों में भाई हिम्मत सिंह जी का नाम भी समाज के लिए गौरव का विषय है।
मुख्यमंत्री ने बाबा मोती राम मेहरा जी के बलिदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने साहिबजादों की कठिन परिस्थितियों में सेवा की और इसके लिए अपने परिवार सहित भारी यातनाएं झेलीं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की, ताकि साहिबजादों के बलिदान और उनसे जुड़ी सेवा तथा त्याग की परंपरा को देशभर में याद किया जा सके।

पंजाब और हरियाणा का रिश्ता एक दिल में दो धड़कनों जैसा
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब और हरियाणा का रिश्ता एक दिल में दो धड़कनों जैसा है। दोनों प्रदेशों की संस्कृति, परंपराएं और विरासत एक-दूसरे से गहराई से जुड़ी हुई हैं। दोनों प्रदेशों के लोगों के बीच आपसी भाईचारा और अपनापन सदियों पुराना है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार संतों और गुरुओं के सम्मान में उनके प्रकाश पर्व और शहीदी दिवस राज्य स्तर पर मनाती है। श्री गुरु तेग बहादुर जी के शहीदी दिवस और श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व सहित विभिन्न अवसरों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने भी कुरुक्षेत्र पहुंचकर श्री गुरु तेग बहादुर जी को नमन किया था।
हरियाणा में संकल्पों को धरातल पर उतार रही सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार जनता से किए गए वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार ने अपने संकल्प पत्र के संकल्पों को पूरा करने की दिशा में तेजी से काम किया है। अब तक 70 संकल्प पूरे किए जा चुके हैं और 143 संकल्पों पर काम जारी है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि योजनाओं का लाभ आम आदमी तक पहुंचाना है। किसान, महिला, युवा और गरीब परिवार सरकार की नीतियों के केंद्र में हैं।
किसानों की पूरी फसल एमएसपी पर खरीदने का वादा किया पूरा
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार ने किसानों से किया वादा पूरा करते हुए प्रदेश में किसानों की सभी फसलों को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने शपथ लेने के बाद ही इस संबंध में निर्णय लेकर अधिसूचना जारी की। किसान की मेहनत का पूरा मूल्य मिले और उसे अपनी फसल बेचने में परेशानी न हो, यही सरकार की प्राथमिकता है।
बिना पर्ची-बिना खर्ची युवाओं को मिल रहा रोजगार
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में सरकारी भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया गया है। युवाओं को बिना पर्ची और बिना खर्ची के उनकी योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में एचसीएस परीक्षा में 102 युवाओं का चयन हुआ है। इनमें सामान्य आर्थिक पृष्ठभूमि वाले परिवारों के बच्चे भी शामिल हैं। ऐसे परिवारों के बच्चे, जिनके माता-पिता मेहनत-मजदूरी या छोटा-मोटा काम करके परिवार चलाते हैं, आज अपनी मेहनत और योग्यता के दम पर बड़े पदों तक पहुंच रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता का ही परिणाम है कि आज गरीब परिवार का बच्चा भी अधिकारी बन सकता है। सरकार युवाओं को अवसर देने और उनकी प्रतिभा को आगे लाने के लिए लगातार काम कर रही है।
मिशन बुनियाद और सुपर-100 से गरीब बच्चों को मिल रहे अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने के लिए मिशन बुनियाद और सुपर-100 जैसे कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इन योजनाओं के माध्यम से ऐसे विद्यार्थियों को बेहतर तैयारी का अवसर मिल रहा है, जिनके परिवार महंगी कोचिंग का खर्च नहीं उठा सकते।
उन्होंने बताया कि सुपर-100 कार्यक्रम के 400 विद्यार्थियों में से 276 विद्यार्थियों को आईआईटी और एनआईटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश मिला है। वहीं नीट परीक्षा में शामिल विद्यार्थियों में से 65 बच्चों ने एमबीबीएस में दाखिला प्राप्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन प्रयासों से गरीब परिवारों के बच्चों के डॉक्टर और इंजीनियर बनने के सपने साकार हो रहे हैं।
2029 तक पंजाब को नशामुक्त करने का संकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के युवाओं को नशे की समस्या से बाहर निकालना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के नेतृत्व में वर्ष 2029 तक पंजाब को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने कहा कि पंजाब के युवाओं को नशे से दूर कर शिक्षा, रोजगार और विकास के अवसरों से जोड़ना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों ने अलग-अलग राजनीतिक दलों को अवसर दिया है, लेकिन अब प्रदेश के भविष्य और युवाओं की चिंता करते हुए ठोस निर्णय लेने का समय है। भाजपा पंजाब में विकास, सुशासन और युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए काम करने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री ने कश्यप समाज से आह्वान किया कि वह अपनी गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दे, समाज को संगठित करे और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाए।
इस मौके पर सरदार दीपकमल मेहरा, महंत चरण सिंह, सरदार निर्मल सिंह, सरदार सोहन दास, जिलाध्यक्ष श्री हरजोत कमल, सरदार निर्मल सिंह पूर्व चेयरमैन एसएस, श्री अनूप भारद्वाज सहित काफी संख्या में गणमान्य मौजूद थे।
Prominent Journalist Amritpal Singh
Significant Contributions to Journalism & Media
As a senior journalist and Director of Chardikala Time TV, he has played a vital role in strengthening Punjabi media at a global level.










