रिपोर्ट रोहित टंडन नेशनल ब्यूरो हेड चीफ़
श्री मंगलमूर्ति फाउंडेशन (रजि.) अयोध्या द्वारा भव्य रूप से आयोजित श्री गणेश महोत्सव में अन्तर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त भजन गायक दीनबंधु सिंह एवं उनकी टीम ने भजनों की अनमोल प्रस्तुतियों से पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ गणपति वंदना से हुआ, जिसमें दीनबंधु सिंह ने अपने स्वर से श्रद्धालुओं के हृदयों को भगवान श्रीगणेश की भक्ति में रंग दिया। इसके पश्चात उन्होंने भगवान हनुमान जी पर आधारित भजनों की प्रस्तुति दी, जिन पर उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। कार्यक्रम के अंतिम चरण में भारत माता की आरती ने समस्त श्रोताओं में अद्वितीय देशभक्ति की भावना का संचार कर दिया।
श्री सुदेश शर्मा, निदेशक उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र, प्रयागराज ने कार्यक्रम की शानदार सफलता पर दीनबंधु सिंह को बधाई देते हुए कहा कि उनकी भजनों की अद्भुत शैली ने अयोध्या की पावन धरती पर श्रद्धालुओं को अलौकिक अनुभव कराया।
इस अवसर पर अध्यक्ष श्री चंद्रशेखर तिवारी एवं विशिष्ट अतिथि डॉ. अंजनी पान्डेय ने भजन गायक दीनबंधु सिंह को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महन्त गिरीशपति त्रिपाठी (महापौर अयोध्या) तथा पंडित सत्य प्रकाश मिश्रा जी सहित अनेक गणमान्य लोग इस अवसर पर उपस्थित रहे और सभी ने दीनबंधु सिंह की प्रस्तुतियों की मुक्तकंठ से सराहना की।
भजन गायक दीनबंधु सिंह के साथ उनकी टीम के कलाकारों ने संगत की, जिसमें— कृष्ण देव सिंह आशुतोष पांडे संतोष तिवारी नीरज एवं मोंटी ने संगत किया।
पूरे आयोजन के दौरान अयोध्या नगरी का वातावरण भक्तिरस और देशभक्ति से सराबोर रहा। उपस्थित श्रद्धालुओं ने इसे एक अविस्मरणीय सांस्कृतिक व आध्यात्मिक अनुभव बताया।
