प्रयागराज को मिला जल-पर्यटन और मनोरंजन का नया आयाम

फ्लोटिंग रेस्टोरेंट फेज–02 का भव्य शुभारंभ

हिमांशु गुप्ता जिला ब्यूरो चीफ प्रयागराज
माघ मेला 2026 के दृष्टिगत प्रयागराज में पर्यटन एवं मनोरंजन सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए फ्लोटिंग रेस्टोरेंट के फेज–02 का आज भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मंडलायुक्त श्रीमती सौम्या अग्रवाल, जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार वर्मा, उत्तर प्रदेश के पुलिस आयुक्त श्री जोगेंद्र कुमार एवं नगर आयुक्त श्री सीलम साईं तेजा ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर फ्लोटिंग रेस्टोरेंट फेज–02 का उद्घाटन किया।

प्रयागराज स्मार्ट सिटी प्रा.लि. नगर निगम प्रयागराज द्वारा विकसित इस फ्लोटिंग रेस्टोरेंट को नए कलेवर में तैयार किया गया है, जहां श्रद्धालु एवं पर्यटक यमुना नदी की लहरों के बीच लजीज व्यंजनों के साथ नौका विहार और रोमांचक वाटर स्पोर्ट्स का दोहरा आनंद ले सकेंगे। यह सुविधा विशेष रूप से माघ मेला 2026 में आने वाले देश–विदेश के श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए एक प्रमुख आकर्षण होगी।

नगर आयुक्त सीलम साईं तेजा ने बताया कि माघ मेले के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं आधुनिक मनोरंजन सुविधाएं उपलब्ध कराना स्मार्ट सिटी लिमिटेड, नगर निगम प्रयागराज की प्राथमिकता है। फ्लोटिंग रेस्टोरेंट में चरणबद्ध रूप से जेट स्कीइंग, स्पीड बोट, पांटून बोट और बनाना बोट राइड जैसी गतिविधियां संचालित की जाएंगी। सुरक्षा के दृष्टिगत रेस्क्यू बोट्स, प्रशिक्षित स्टाफ तथा सभी आवश्यक मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया गया है।

माघ मेला के दृष्टिगत अपर नगर आयुक्त श्री दीपेंद्र कुमार ने कहा कि,
“माघ मेला 2026 में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और मनोरंजन को ध्यान में रखते हुए फ्लोटिंग रेस्टोरेंट को विशेष रूप से तैयार किया गया है। भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था एवं ऑनलाइन बुकिंग जैसी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है, जिससे श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और वे सुरक्षित वातावरण में यमुना नदी का आनंद ले सकें।”

उन्होंने आगे बताया कि फ्लोटिंग रेस्टोरेंट की ऑनलाइन बुकिंग 1 जनवरी 2026 से Book My Trip एवं Book My Shop जैसे प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्रारंभ की जा रही है, जिससे देश–विदेश से आने वाले पर्यटक घर बैठे ही अपनी बुकिंग कर सकेंगे।

अधिकारियों ने कहा कि नगर निगम प्रयागराज की यह पहल न केवल माघ मेला 2026 को और अधिक आकर्षक बनाएगी, बल्कि प्रयागराज को जल-पर्यटन के राष्ट्रीय मानचित्र पर एक नई पहचान भी दिलाएगी। आस्था, स्वच्छता, सुरक्षा और मनोरंजन—इन सभी को एक साथ जोड़ते हुए श्रद्धालुओं को यादगार अनुभव प्रदान करना इस योजना का मुख्य उद्देश्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *