चंडीगढ़, 2 अगस्त:Amritpal Singh
पंजाब के राज्यपाल एवं यू.टी. चंडीगढ़ के प्रशासक श्री गुलाब चंद कटारिया ने रविवार को हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान गंगा नदी की तेज धारा में बह जाने से जान गंवाने वाले चंडीगढ़ के चार नाबालिग बच्चों के प्रत्येक शोकाकुल परिवार को ₹5 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की।

राज्यपाल एवं प्रशासक ने आज सायंकाल शोकाकुल परिवारों से उनके निवास स्थान पर जाकर मुलाकात की तथा इस दुखद घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। परिवार के सदस्यों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में चंडीगढ़ प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके साथ खड़ा है।

इस घटना को अत्यंत हृदयविदारक बताते हुए श्री कटारिया ने कहा कि चार मासूम बच्चों का असमय निधन न केवल उनके परिवारों के लिए, बल्कि पूरे शहर के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि दिवंगत बच्चे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से संबंध रखते थे, जिनमें से कुछ परिवार अत्यंत कठिन आर्थिक परिस्थितियों में जीवनयापन कर रहे हैं। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवारों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

राज्यपाल विवेकाधीन कोष से राहत राशि की घोषणा करते हुए श्री कटारिया ने कहा कि प्रभावित चारों परिवारों को ₹5 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी बच्चे की क्षति की भरपाई किसी भी आर्थिक सहायता से संभव नहीं है, किंतु यह सहायता इस कठिन समय में परिवारों को तत्काल राहत प्रदान करने के उद्देश्य से दी जा रही है।
श्री कटारिया ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से उन्हें आवश्यक सहयोग बिना किसी विलंब के प्राप्त हो।
राज्यपाल एवं प्रशासक ने एक बार फिर शोकाकुल परिवारों को आश्वस्त किया कि इस दुख की घड़ी में चंडीगढ़ प्रशासन उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ा है तथा उन्हें हरसंभव सहायता और सहयोग प्रदान किया जाएगा।
Prominent Journalist Amritpal Singh
Significant Contributions to Journalism & Media
As a senior journalist and Director of Chardikala Time TV, he has played a vital role in strengthening Punjabi media at a global level.










