चंडीगढ़, 4 अगस्त, 2026: Amritpal Singh
पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी चंडीगढ़ के प्रशासक श्री गुलाब चंद कटारिया ने आज सेक्टर-34 स्थित आयुष इंटीग्रेटेड हॉस्पिटल तथा सेक्टर-11 स्थित सरकारी आयुष डिस्पेंसरी का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर यूटी चंडीगढ़ के मुख्य सचिव श्री एच. राजेश प्रसाद, गृह एवं स्वास्थ्य सचिव श्री मंडीप सिंह बराड़, आयुष निदेशक डॉ. अतुल एन. धाकने, निदेशक-प्राचार्य जीएमसीएच-32 डॉ. रवनीत कौर, जनसंपर्क निदेशक श्री राजीव तिवारी, सेक्टर-34 पार्षद सुश्री प्रेम लता, चंडीगढ़ प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सा एवं आयुष विशेषज्ञ तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

कार्यक्रम का शुभारंभ एक लघु डॉक्यूमेंट्री के प्रदर्शन के साथ हुआ, जिसमें आयुष इंटीग्रेटेड हॉस्पिटल की परिकल्पना, विकास, प्रमुख सुविधाओं तथा नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही एकीकृत स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी गई।

सभा को संबोधित करते हुए राज्यपाल एवं प्रशासक श्री गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि भारत की पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियां सदैव शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य पर आधारित समग्र उपचार की अवधारणा को बढ़ावा देती रही हैं। उन्होंने कहा कि आयुष और आधुनिक चिकित्सा का एकीकरण व्यापक, किफायती एवं रोगी-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली, निवारक स्वास्थ्य सेवाओं और जन-जन तक वेलनेस की भावना पहुंचाने पर बल देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह संस्थान एकीकृत स्वास्थ्य सेवाओं का उत्कृष्ट केंद्र बनेगा तथा चंडीगढ़ के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी लाभान्वित करेगा।
प्रशासक ने आयुष विभाग, स्वास्थ्य विभाग, इंजीनियरिंग विभाग, चिकित्सकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समयबद्ध तरीके से इस परियोजना को पूर्ण करने के लिए सराहना की।

इस अवसर पर गृह एवं स्वास्थ्य सचिव श्री मंडीप सिंह बराड़ ने कहा कि माननीय राज्यपाल एवं प्रशासक के मार्गदर्शन में चंडीगढ़ प्रशासन सुलभ, व्यापक एवं नागरिक-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाओं को निरंतर सुदृढ़ कर रहा है। उन्होंने बताया कि आयुष इंटीग्रेटेड हॉस्पिटल में आयुर्वेद, होम्योपैथी, योग एवं आधुनिक चिकित्सा की सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई गई हैं। अस्पताल में विशेषज्ञ ओपीडी, 12 घंटे की ओपीडी (प्रातः 8:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक तथा दोपहर 2:00 बजे से रात्रि 8:00 बजे तक), 24×7 स्वास्थ्य सेवाएं, 25 बिस्तरों की आईपीडी सुविधा, फार्मेसी, योग एवं वेलनेस सेंटर, वैज्ञानिक रूप से विकसित पंचकर्म इकाई, जेरियाट्रिक देखभाल, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण, परिवार कल्याण सेवाएं तथा गैर-संचारी रोगों की जांच की सुविधाएं उपलब्ध हैं।
उद्घाटन के उपरांत स्वास्थ्य सचिव ने अस्पताल के विभिन्न अनुभागों का निरीक्षण किया तथा चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों से संवाद किया। उन्होंने उन्हें उच्च स्तर की पेशेवर कार्यसंस्कृति, संवेदनशीलता एवं उत्कृष्ट रोगी सेवा सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया तथा अस्पताल को क्षेत्र में एकीकृत स्वास्थ्य सेवाओं का आदर्श संस्थान बनाने के लिए टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर एक निःशुल्क आयुष स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें नागरिकों ने विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श, स्वास्थ्य जांच, योग परामर्श तथा निःशुल्क औषधियों के वितरण का लाभ उठाया।
Prominent Journalist Amritpal Singh
Significant Contributions to Journalism & Media
As a senior journalist and Director of Chardikala Time TV, he has played a vital role in strengthening Punjabi media at a global level.










