चंडीगढ़, 12 अगस्त 2026:
पंजाब के राज्यपाल एवं यू.टी. चंडीगढ़ के प्रशासक श्री गुलाब चंद कटारिया ने आज पंजाब लोक भवन, चंडीगढ़ में ‘इंटेंसिफाइड IEC अभियान – ब्रेक फ्री’ का शुभारंभ किया। यह एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए शुरू किया गया एक डिजिटल जन-जागरूकता अभियान है। इस अवसर पर मुख्य सचिव श्री एच. राजेश प्रसाद, गृह-सह-स्वास्थ्य सचिव श्री मंदीप सिंह बराड़, स्वास्थ्य सेवाओं की निदेशक डॉ. सुमन सिंह और चंडीगढ़ स्टेट एड्स कंट्रोल सोसायटी की प्रोजेक्ट डायरेक्टर डॉ. सद्भावना पंडित भी उपस्थित रहे।

चंडीगढ़ स्टेट एड्स कंट्रोल सोसायटी, स्वास्थ्य विभाग, चंडीगढ़ प्रशासन तथा भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (NACO) द्वारा आयोजित यह अभियान अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर शुरू किया गया। ‘वन स्कैन, वन स्टेप टुवर्ड्स ब्रेकिंग फ्री’ पहल के तहत QR कोड के माध्यम से लोग गोपनीय रूप से एचआईवी सेल्फ-रिस्क असेसमेंट कर सकते हैं। इससे उन्हें अपने संभावित जोखिम को समझने, एचआईवी से जुड़ी प्रमाणिक जानकारी प्राप्त करने तथा जरूरत पड़ने पर जांच, परामर्श और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि अभियान का उद्देश्य युवाओं को सही और वैज्ञानिक जानकारी देना, समय पर जांच के लिए प्रेरित करना और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान बनाना है। उन्होंने कहा कि युवा केवल भारत का भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी शक्ति हैं और वे समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं।

एचआईवी से जुड़े भ्रम और सामाजिक भेदभाव को समाप्त करने का आह्वान करते हुए श्री कटारिया ने कहा कि एचआईवी के साथ जीवन जी रहे कई लोग समाज के डर और लोगों की प्रतिक्रिया के कारण अपनी स्थिति बताने में हिचकिचाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को सम्मान, गरिमा और समान अवसर मिलना चाहिए, भेदभाव नहीं। उन्होंने जागरूकता, समय पर जांच, प्रभावी उपचार और भेदभाव समाप्त करने के माध्यम से 2030 तक एचआईवी/एड्स को सार्वजनिक स्वास्थ्य खतरे के रूप में समाप्त करने के लिए सामूहिक प्रयासों का आह्वान किया।
अभियान के बारे में गृह-सह-स्वास्थ्य सचिव श्री मंदीप सिंह बराड़ ने कहा कि यह पहल डिजिटल तकनीक और जन-जागरूकता का प्रभावी मेल है। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि लोगों को उपलब्ध सरकारी योजनाओं, स्वास्थ्य सेवाओं और सहायता के बारे में जागरूक करना है, ताकि वे झिझक दूर कर समय पर जांच, परामर्श और उपचार की सुविधा ले सकें।
अगले दो महीनों के दौरान स्कूलों, कॉलेजों, सरकारी विभागों, बाजारों, सार्वजनिक स्थानों और समुदायों में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। सभी विभागों, शिक्षण संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों, रेड रिबन क्लबों, स्वास्थ्यकर्मियों और मीडिया से अभियान में सक्रिय भागीदारी का आग्रह करते हुए कहा कि एचआईवी की रोकथाम पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के दौरान ‘Break Free: India’s Trusted Digital Space for All HIV Concerns’ विषय पर एक जागरूकता वीडियो भी प्रदर्शित किया गया।
अभियान को एक साथ रोज गार्डन, प्लाजा-17, एलांते मॉल, सुखना लेक, NINE-PGIMER, PEC, पंजाब यूनिवर्सिटी, GMSH-16, GMCH-32, सेक्टर-22 मार्केट, सेक्टर-19 मार्केट और रोटरी-37 में भी शुरू किया गया।
कार्यक्रम में चंडीगढ़ प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, कार्यक्रम अधिकारी, सहयोगी गैर-सरकारी संगठन, विभिन्न क्षेत्रों के एंबेसडर, CSACS के कर्मचारी, शिक्षक, शोधकर्ता, स्वास्थ्य विशेषज्ञ, नागरिक समाज के प्रतिनिधि, विद्यार्थी और एचआईवी/एड्स के क्षेत्र में कार्य कर रहे फ्रंटलाइन कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Prominent Journalist Amritpal Singh
Significant Contributions to Journalism & Media
As a senior journalist and Director of Chardikala Time TV, he has played a vital role in strengthening Punjabi media at a global level.










