राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा कोटा, हजारों लोगों ने थामे तिरंगे
कोटा, 14 अगस्त 2026: स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को कोटा में आयोजित विशाल तिरंगा यात्रा ने पूरे शहर को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। हर घर तिरंगा अभियान की प्रेरणा से आयोजित इस भव्य यात्रा में हजारों की संख्या में शहरवासियों ने हाथों में तिरंगा थामकर सहभागिता की। भारत माता के जयघोष और देशभक्ति के नारों से यात्रा मार्ग गूंज उठा। लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला के मुख्य आतिथ्य में निकली विशाल तिरंगा यात्रा में मल्टीपरपज स्कूल से प्रारम्भ हुई और गुमानपुरा से सूरजपोल गेट, कैथूनीपोल चौराहा, सुभाष सर्किल, सब्जीमंडी चौराहा, क्लॉथ मार्केट, गीता भवन मेन रोड, गीता भवन से रामपुरा लिंक रोड, खाई रोड, विवेकानंद सर्किल, अग्रसेन चौराहा एवं तरणताल के सामने से होते हुए शहीद स्मारक पहुंची।

तिरंगा यात्रा के दौरान हर ओर हाथों में लहराते तिरंगे और भारत माता की जय और वन्दे मातरम के नारों ने माहौल को उत्साह और राष्ट्रगौरव से भर दिया। युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोग अपने वाहनों पर तिरंगा लगाकर यात्रा में शामिल हुए।
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि यह तिरंगा हमारे लिए केवल राष्ट्र का प्रतीक नहीं, बल्कि उन अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान की पहचान है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। विभाजन की पीड़ा और उस दौर की त्रासदी को हम कभी नहीं भूल सकते। तिरंगा यात्रा हमें उन बलिदानों को याद करने और भारत को सशक्त, आत्मनिर्भर एवं विकसित बनाने का संकल्प लेने की प्रेरणा देती है।

उन्होंने आवाह्न किया, “आइए, तिरंगे को सदैव ऊंचा रखने और देश की एकता-अखंडता के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लें। देश की प्रगति में योगदान देना आज हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। अपने शहर और गांवों को स्वच्छ एवं हराभरा रखना भी इसी जिम्मेदारी का हिस्सा है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित और बेहतर भविष्य दे सकें। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के साथ राष्ट्रसेवा का संकल्प लें।”
यात्रा के माध्यम से राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान का संदेश दिया गया। यात्रा में शामिल लोगों ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन का संकल्प भी लिया। शहीद स्मारक पहुंचने पर यात्रा का समापन हुआ, जहां देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को नमन किया गया। इस दौरान राजस्थान सरकार में ऊर्जा मंत्री श्री हीरालाल नागर सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि व हजारों की संख्या में प्रबुद्धजन व शहरवासी मौजूद रहे।
Prominent Journalist Amritpal Singh
Significant Contributions to Journalism & Media
As a senior journalist and Director of Chardikala Time TV, he has played a vital role in strengthening Punjabi media at a global level.










