– पंजाब के अमृतसर के रामपुरा स्थित सुलहाकुल मंदिर में आयोजित सत्संग में किया सम्बोधित
-युवाओं को नशा से दूर रहे का किया आह्वान
नई दिल्ली , 16 अगस्त -हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राम नाम का सिमरन मन को स्थिर करता है, विवेक को जागृत करता है और मनुष्य को कठिन परिस्थितियों में भी सही मार्ग चुनने की शक्ति देता है।
श्री सैनी आज पंजाब के अमृतसर के रामपुरा स्थित सुलहाकुल मंदिर में आयोजित सत्संग के दौरान साध संगत को सम्बोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बाबा अवतार सिंह महाराज से आशीर्वाद लिया। मंदिर प्रबंधन की ओर से बाबा अवतार सिंह महाराज ने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी को शॉल ओढ़ाकर व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

हरियाणा के मुख्यमंत्री ने पंजाब के युवाओं से आह्वान किया कि अपने जीवन को नशे के हाथों न सौंपें। माता-पिता के सपनों को अपना संकल्प बनाइए। खेलिए, पढ़िए, कौशल सीखिए, परिश्रम कीजिए और हर दिन कुछ समय ईश्वर-स्मरण के लिए निकालिए।
उन्होंने गुरु नगरी अमृतसर की धरा को पवित्र ,त्याग, तपस्या, भक्ति, वीरता और मानव सेवा की धरा बताते हुए कहा कि भारत सदियों से आध्यात्मिक प्रकाश से पूरी दुनिया को आलोकित करता आ रहा है। भारत मानवता की वह आवाज है जो सदियों से पूरी दुनिया को कहती आई है-प्रेम से रहो, मिलकर चलो और प्रत्येक जीव में परमात्मा को देखो। इसी महान भारतीय परंपरा को सुलाहकुल मिशन पिछले लगभग दो सौ वर्षों से आगे बढ़ा रहा है।

श्री नायब सिंह सैनी ने परम पूज्य संत श्री साहिब दयाल जी द्वारा शुरू किये गए इस आध्यात्मिक मिशन द्वारा मानवता के लिए निरंतर हो रहे कार्यों की सराहना की और कहा कि हमारे संतों की विशेषता यह है कि वे अपने जीवन से उदाहरण प्रस्तुत करते हैं। संत श्री अवतार सिंह जी महाराज का जीवन भी इसी सत्य का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के कठिन दौर में भी इस मिशन ने जरूरतमंद परिवारों तक सहायता पहुंचाई। ये सभी कार्य बताते हैं कि सच्ची सेवा समाज की जरूरतों से कभी अलग नहीं होती।

मुख्यमंत्री श्री सैनी ने नशा के फैलते जाल पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि आज हमारे समाज के सामने नशा एक गंभीर चुनौती है। नशा केवल एक युवा के शरीर को नहीं, बल्कि पूरे परिवार के सपनों को तोड़ देता है। मुझे इस बात की खुशी है कि महाराज जी युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए 40 गांवों के स्वास्थ्य क्लबों को कबड्डी और वॉलीबॉल प्रतियोगिताएं आयोजित करने में सहयोग दे रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व में आज देश विकसित भारत के निर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। विकसित भारत का सपना तब साकार होगा, जब विकास के साथ संस्कार हों, समृद्धि के साथ संवेदना हो, शक्ति के साथ संयम हो और प्रगति के साथ प्रकृति तथा परमात्मा का स्मरण हो। उन्होंने लोगों से देश के विकास में प्रधानमंत्री श्री मोदी का साथ देने की अपील की।

Prominent Journalist Amritpal Singh
Significant Contributions to Journalism & Media
As a senior journalist and Director of Chardikala Time TV, he has played a vital role in strengthening Punjabi media at a global level.









