इसौली में विकास की नई राह: विधायक ताहिर खान की पहल पर चार सीसी सड़कों को मिली शासन से मंजूरी



विकाश सिंह जिला संवाददाता

सुल्तानपुर-इसौली विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए विधायक ताहिर खान की पहल रंग लाई है। उनके प्रयासों से विधानसभा क्षेत्र की चार महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण को उत्तर प्रदेश शासन से मंजूरी मिल गई है। विधानसभा सत्र के दौरान विधायक ताहिर खान ने दिसंबर 2025 में इन सड़कों के निर्माण के लिए सरकार को मांग पत्र सौंपा था, जिस पर अब शासन ने संज्ञान लेते हुए स्वीकृति प्रदान कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश शासन के संयुक्त सचिव द्वारा जिलाधिकारी सुल्तानपुर को पत्र जारी कर संबंधित सड़कों के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कराने के निर्देश दिए गए हैं। शासन स्तर से इन सड़कों के निर्माण के लिए बजट भी अवमुक्त कर दिया गया है, जिससे जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
स्वीकृत सड़कों में कुड़वार हसनपुर से बभंगवां सरहद तक 300 मीटर सीसी रोड, कनेहटी डामर रोड से कनेहटी गांव तक 185 मीटर सीसी रोड, दुल्हापुर ग्रामसभा से महराजगंज तक 300 मीटर सीसी रोड तथा बीबीगंज बॉर्डर से पल्हीपुर स्थित रमाकांत मिश्र के घर तक 250 मीटर सीसी रोड का निर्माण शामिल है।
इन सड़कों के निर्माण से आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। बरसात के दिनों में खराब सड़कों के कारण ग्रामीणों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब सड़क निर्माण की स्वीकृति मिलने से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
विधायक ताहिर खान ने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनता की सुविधा उनके लिए सर्वोपरि है। उन्होंने बताया कि इसौली विधानसभा में सड़क, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *