संस्कार भारती बरेली महानगर (ब्रज प्रांत) के तत्वावधान में स्थानीय रामपुर बाग में वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रदीप रावत के निवास पर संस्कार भारती की उपाध्यक्ष नीलिमा रावत के संयोजन में एक बैठक का आयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता महानगर संरक्षक हिमांशु श्रोत्रिय 'निष्पक्ष' ने की। बैठक आगामी 14 सितंबर 2025 को स्थानीय केशव कृपा (संघ कार्यालय) में एक दिवसीय प्रांतीय साधारण सभा को सफल बनाने के निमित्त की गई जिसमें दिशा- निर्देश के साथ समस्त उत्तरदायित्व स्पष्ट रूप से विभाजित किए गए ताकि प्रत्येक सदस्य एवं पदाधिकारी अपनी-अपनी जिम्मेदारी को भली-भाँति समझकर पूर्ण मनोयोग से निर्वाह कर सके, अनुशासन, समन्वय एवं सामूहिक सहयोग को सुदृढ़ बनाया जा सके, आयोजन संबंधी कार्यों की योजना, तैयारी एवं क्रियान्वयन को व्यवस्थित रूप से सुनिश्चित किया जा सके तथा प्रत्येक सदस्य से उपयोगी सुझाव प्राप्त कर सभा को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाया जा सके। महानगर अध्यक्ष उपमेंद्र सक्सेना एडवोकेट ने कहा कि बरेली महानगर में प्रथम बार संस्कार भारती की प्रांतीय साधारण सभा होने जा रही है जो सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो और आयोजन की गरिमा को नयी ऊँचाइयों तक पहुँचाया जा सके ऐसा हम सब का प्रयास है I बैठक में प्रांतीय मंत्री कुलदीप वर्मा, प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य डी. प्रसाद उर्फ पप्पू वर्मा, महानगर अध्यक्ष उपमेंद्र सक्सेना, महामंत्री अमन पटेल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रदीप रावत, उपाध्यक्ष नीलिमा रावत, संपर्क प्रमुख भारत सक्सेना, दृश्य कला विधा संयोजक प्रिया सक्सेना, लोक कला संयोजक दीप शिखा सक्सेना, देवेंद्र कुमार रावत,आर.सी. पांडेय, आरोही रावत आदि दायित्ववान कार्यकर्तागण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में महामंत्री अमन पटेल ने सभी का आभार व्यक्त किया तथा साहित्य विधा संयोजक रोहित राकेश की साली श्रीमती रुचि अग्रवाल के आकस्मिक निधन पर 2 मिनट का मौन धारण कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए सभी ने प्रार्थना की।
कृपा भवन में 14 सितंबर को होगी संस्कार भारती की प्रांतीय साधारण सभा बरेली
