विधायक गौरीगंज व अन्य पर पुलिस नहीं करा सकी तामिला,पत्रावली सुरक्षित
सुल्तानपुर। भाजपा प्रत्याशी के पति पर हमले के मामले में सोमवार को गौरीगंज विधायक सहित अन्य के खिलाफ चल रहे मुकदमे में कोर्ट से जारी कार्यवाही पर निरीक्षक जिलेदार यादव की रिपोर्ट पेश की गई। पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक विधायक समेत अन्य आरोपियो के मौजूद न होने की वजह से अदालत से जारी कार्यवाही का तामिला नहीं कराया जा सका है। पिछली पेशी पर एमपी-एमएलए कोर्ट के विशेष मजिस्ट्रेट शुभम वर्मा की अदालत विधायक समेत छह आरोपियो के खिलाफ जमानतीय वारंट व दो के खिलाफ सम्मन जारी करने समेत अन्य कार्यवाही जारी करने का आदेश जारी किया था।
अमेठी जिले के गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह समेत अन्य के खिलाफ भाजपा से तत्कालीन नपा अध्यक्ष पद प्रत्याशी रश्मि सिंह के पति दीपक सिंह पर 10 मई 2023 को हुए हमले के मामले में गौरीगंज थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था। मुकदमे का ट्रायल एमपी-एमएलए कोर्ट में चल रहा है। अदालत ने अनुपस्थित चल रहे आरोपियो के खिलाफ कार्यवाही जारी कर उन्हें तलब किया था,लेकिन कई पेशियों से आरोपी गैरहाजिर चल रहे है।
