सुल्तानपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के अभाव का आरोप,बुजुर्ग महिला की मौत के बाद हंगामा

रिपोर्ट – सुधा सिंह ब्यूरो चीफ सुल्तानपुर

सुल्तानपुर राजकीय मेडिकल कॉलेज से शनिवार को बड़ी और गंभीर खबर सामने आई है। इलाज के अभाव का आरोप लगाते हुए परिजनों ने मेडिकल कॉलेज परिसर में जमकर हंगामा किया। शुक्रवार शाम भर्ती कराई गई एक बुजुर्ग महिला की शनिवार सुबह मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि महिला पूरी रात दर्द से तड़पती रही, लेकिन न तो कोई डॉक्टर देखने आया और न ही समुचित उपचार उपलब्ध कराया गया।कादीपुर क्षेत्र के शोधनपुर निवासी बेबी ओझा ने बताया कि उनकी मां को शुक्रवार शाम करीब चार बजे लगातार उल्टियों की शिकायत पर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि प्रारंभिक तौर पर मामूली उपचार के बाद महिला को चतुर्थ तल पर छोड़ दिया गया। इसके बाद पूरी रात परिजन डॉक्टरों को बुलाने की गुहार लगाते रहे, लेकिन कोई चिकित्सक इलाज के लिए नहीं पहुंचा।परिजनों का कहना है कि महिला किसी गंभीर बीमारी से ग्रसित नहीं थी और समय पर उपचार मिलने से उसकी जान बचाई जा सकती थी। शनिवार सुबह इलाज के अभाव में बुजुर्ग महिला ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने शव की सुपुर्दगी लेने से इनकार करते हुए चौथे तल पर हंगामा शुरू कर दिया।हंगामे की सूचना पर नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। आरोप है कि हंगामे के दौरान जब मौजूद लोग मोबाइल से वीडियो बनाने लगे तो सुरक्षा कर्मियों ने आपत्ति जताई। मृतका के परिजन विवेक ओझा ने आरोप लगाया कि इलाज के अभाव में मौत की बात कहने पर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की धमकी भी दी गई।फिलहाल मामले को लेकर मेडिकल कॉलेज प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और परिजनों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *