मकर संक्रांति पर सुलतानपुर में राज्य स्तरीय वॉलीबॉल का महामुकाबला

54 वर्षों की परंपरा निभाएगा जनता क्लब, 14 जनवरी को होगा आयोजन

रिपोर्ट रोहित टंडन नेशनल ब्यूरो हेड
सुलतानपुर। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर जनपद सुलतानपुर एक बार फिर राज्य स्तरीय खेल आयोजन का साक्षी बनेगा। जनता क्लब के तत्वावधान में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बाबू कामेश्वर सिंह स्मारक राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन आगामी 14 जनवरी (बुधवार) को मोतिगरपुर विकासखंड के लामा बाजार स्थित ग्राम सभा गोपालपुर बड़ागांव में किया जाएगा। कार्यक्रम के संयोजक एवं कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने बताया कि यह प्रतियोगिता विगत 54 वर्षों से निरंतर आयोजित की जा रही है, जो क्षेत्र की खेल संस्कृति की जीवंत मिसाल है। इसकी शुरुआत वर्ष 1973 में मकर संक्रांति के दिन क्षेत्र के चर्चित वॉलीबॉल खिलाड़ी एवं जनता क्लब के कप्तान रहे स्वर्गीय बृजेश सिंह ‘भोला’ द्वारा की गई थी। प्रारंभ में यह जिला स्तरीय प्रतियोगिता थी, जिसे वर्ष 2001 में विस्तार देते हुए राज्य स्तरीय स्वरूप प्रदान किया गया और महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं पूर्व आईपीएस अधिकारी बाबू कामेश्वर सिंह के नाम पर इसका नामकरण किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन प्रातः 11 बजे किया जाएगा, जबकि समापन व पुरस्कार वितरण समारोह सायं 4 बजे आयोजित होगा। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में लखनऊ, गाजीपुर, आजमगढ़, गोरखपुर, फैजाबाद हॉस्टल, साईं हॉस्टल रायबरेली, सुलतानपुर, बनारस एवं बांदा हॉस्टल सहित प्रदेश की कई नामी वॉलीबॉल टीमें प्रतिभाग करेंगी। जनता क्लब के अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण अंचल की खेल प्रतिभाओं को मंच देना, युवाओं में खेल भावना का विकास करना तथा अनुशासन व स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना है। वर्षों से यह टूर्नामेंट खिलाड़ियों के लिए पहचान का बड़ा मंच बन चुका है।आयोजन की सभी तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं। जनता क्लब के अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह, सचिव इंदु शेखर शर्मा, माता प्रसाद सिंह (प्रधान, लामा बनकठा), विजय सिंह ‘कल्लू’, शिवपूजन सिंह, अमरेश कुमार (प्रधान, गोपालपुर बड़ा गांव), रमेश सिंह, अंकुर मिश्रा, डब्बू मिश्र, बीडीसी सुग्रीव यादव, संजय सिंह सहित अन्य सदस्य व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं।आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों, खेल प्रेमियों एवं युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *