आचार्य नरेंद्र देव महाविद्यालय में (NSS) शिविर का आयोजन किया गया

आचार्य नरेंद्र देव महिला महाविद्यालय के प्रांगण में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) शिविर के अंतर्गत आज एक कौशल विकास कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम समाज के बेसहारा, असहाय, असमर्थ एवं निर्धन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयासरत प्रमुख सामाजिक संस्था आशा की किरण फाउंडेशन के सहयोग से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद बच्चों को आत्मनिर्भर बनाना तथा उन्हें व्यावहारिक कौशलों से सशक्त करना रहा। शिविर के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न कौशलों का प्रशिक्षण दिया गया, जिससे वे भविष्य में स्वरोजगार एवं रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकें।
इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी लायंस क्लब ऑफ कानपुर गैंजेस के पूर्व अध्यक्ष लायन सुभाष खन्ना ने प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम हैं और युवाओं को सामाजिक सेवा के लिए प्रेरित करते हैं।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. ऋतम्बरा स्वरूप जी ने मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी सुभाष खन्ना एवं संस्था एवं सभी सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित होती है और इस प्रकार के शिविर समाज के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होते हैं।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण, NSS स्वयंसेवक, आशा की किरण फाउंडेशन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में प्रतिभागी उपस्थित रहे। अंत में सभी के सहयोग से कार्यक्रम का समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *