
डॉलर 92 के पार पहुंचना मोदी सरकार की नाकामी का है प्रमाण : अभिषेक सिंह राणा
रिपोर्ट रोहित टंडन समाचार 18 न्यूज़
सुल्तानपुर। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने केंद्र की मोदी सरकार द्वारा पेश किए गए बजट को देश की 140 करोड़ जनता के साथ सबसे बड़ा आर्थिक छल करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह बजट आम जनता के लिए नहीं बल्कि मोदी जी के उद्योगपति मित्रों को मालामाल करने की साजिश है। इस बजट ने 60 करोड़ युवाओं और 55 करोड़ महिलाओं की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने कहा कि आज देश की अर्थव्यवस्था गहरे संकट में है। डॉलर का मूल्य 92 रुपये तक पहुंच जाना मोदी सरकार की नाकामी का प्रमाण है। अंतरराष्ट्रीय व्यापार घाटा लगातार बढ़ रहा है, विदेशी निवेशक भारत से पूंजी निकाल रहे हैं और देश के बड़े उद्योगपति विदेशों में निवेश कर रहे हैं। ऐसे में आर्थिक विकास की बातें केवल जनता को गुमराह करने का हथकंडा हैं।
अभिषेक सिंह राणा ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार अपने पिछले 9 बजटों की तरह इस बार भी जनता को झुनझुना पकड़ाने का काम कर रही है। किसानों के लिए इस बजट में ऐसा कोई प्रावधान नहीं है जिससे उनकी फसलों के दाम दुगने हो सकें। एआई और आधुनिक तकनीक का सपना दिखाकर किसानों को ठगने का काम किया गया है, जबकि हकीकत में किसान बदहाल है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने कहा कि न्यूनतम मजदूरी को लेकर बजट पूरी तरह खामोश है, जिससे मजदूर वर्ग खुद को ठगा महसूस कर रहा है। उत्तर प्रदेश और बिहार की जनता के साथ भी इस बजट में सौतेला व्यवहार किया गया है। बीते 11 वर्षों में सुल्तानपुर को केंद्र सरकार से कोई ठोस राहत नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि अमेठी के अलग जिला बन जाने के बाद भी सुल्तानपुर के आर्थिक विकास को लेकर कोई पहल नहीं की गई। औद्योगिक गलियारे के नाम पर किसानों की जमीन कौड़ियों के भाव खरीद ली गई, लेकिन स्थानीय युवाओं को रोजगार तक नहीं मिला। यह विकास नहीं, बल्कि किसानों के साथ खुला अन्याय है। अंत में कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने कहा कि यह बजट किसान, मजदूर, युवा, महिलाएं और छोटे कारोबारियों के साथ विश्वासघात है। यह बजट देश को आत्मनिर्भर नहीं बल्कि कुछ पूंजीपतियों पर निर्भर बनाने वाला बजट है। कांग्रेस पार्टी इस जनविरोधी बजट के खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी और जनता की आवाज को दबने नहीं देगी।
