
विकास सिंह जिला संवाददाता
बल्दीराय/सुल्तानपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री Akhilesh Yadav सोमवार को सुल्तानपुर जिले के इसौली विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मझना (पूरे दुर्गादास वैसी) पहुंचे, जहां उन्होंने अमर शहीद अखिलेश शुक्ला के परिजनों से मुलाकात कर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की।
इस दौरान उन्होंने शहीद के पिता राधे कृष्ण शुक्ला को ढांढस बंधाया और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। मुलाकात के दौरान भावुक माहौल देखने को मिला, जहां इकलौते बेटे को खोने का दर्द पिता की आंखों से छलक पड़ा।
इस मुलाकात को संभव बनाने में इसौली विधायक मोहम्मद ताहिर खान की अहम भूमिका रही। उनके प्रयासों से ही पूर्व मुख्यमंत्री शहीद के घर पहुंचे, जिसकी क्षेत्र में सराहना हो रही है।

Akhilesh Yadav ने घोषणा की कि शहीद अखिलेश शुक्ला की स्मृति में गांव में स्मारक, प्रवेश द्वार और उनके घर तक पक्की सड़क का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही मझना-कोरारी संपर्क मार्ग का नाम शहीद के नाम पर रखने और उसके निर्माण का भी आश्वासन दिया गया, जो सुल्तानपुर और अमेठी को जोड़ता है।
शहीद के पिता ने परिवार के भरण-पोषण के लिए पेट्रोल पंप का लाइसेंस देने की मांग रखी, जिस पर पूर्व मुख्यमंत्री ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
पूर्व मुख्यमंत्री के आगमन पर क्षेत्र में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी और लोगों ने शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बलिदान पर गर्व व्यक्त किया।
