बाबा साहब का सपना समानता,शिक्षा और स्वाभिमान से सशक्त समाज-एमएलए मो०ताहिर खान

विकास सिंह जिला संवाददाता

बल्दीराय/सुल्तानपुर

बल्दीराय तहसील क्षेत्र के वल्लीपुर गांव में भीम आर्मी भारत एकता मिशन के बैनर तले डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती बड़े ही श्रद्धा, उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम में दूर-दूर से आए लोगों ने बाबा साहब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर इसौली विधायक मो. ताहिर खान ने अपने प्रभावशाली संबोधन में कहा कि “बाबा साहब का जीवन हमें यह सिखाता है कि शिक्षा ही सबसे बड़ा हथियार है। उन्होंने सामाजिक विषमताओं के खिलाफ संघर्ष करते हुए देश को ऐसा संविधान दिया, जो हर व्यक्ति को समान अधिकार और सम्मान देता है। आज जरूरत है कि हम उनके विचारों को सिर्फ याद न करें, बल्कि उन्हें अपने जीवन में उतारें। जब तक समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और बराबरी नहीं पहुंचेगी, तब तक बाबा साहब का सपना अधूरा रहेगा।”
उन्होंने आगे कहा कि “युवाओं को चाहिए कि वे जात-पात और भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्र निर्माण में भागीदारी निभाएं और एक समरस समाज के निर्माण में योगदान दें।”
बल्दीराय ब्लॉक प्रमुख शिवकुमार सिंह ने कहा कि “डॉ. अंबेडकर ने न केवल संविधान का निर्माण किया, बल्कि उन्होंने देश को सामाजिक न्याय की मजबूत नींव भी दी। उनका जीवन संघर्ष और प्रेरणा का प्रतीक है। हमें उनके आदर्शों को अपनाकर समाज के कमजोर और वंचित वर्गों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए। शिक्षा, एकता और संगठन के माध्यम से ही समाज में वास्तविक परिवर्तन संभव है।”
मुख्य वक्ता मस्तराम बौद्ध ने कहा कि “बाबा साहब एक विचारधारा हैं, जो हर युग में प्रासंगिक रहेगी। उनका ‘शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो’ का संदेश आज भी समाज को दिशा देने का काम कर रहा है।”
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. दिनेश गौतम, डॉ. शरद कुमार बौद्ध, विशिष्ट अतिथि अमित राज्य बौद्ध, मो. तस्लीम खान, श्रीपाल पासी, वंशराज बौद्ध सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता रमेश कुमार बौद्ध ने की तथा संचालन जमालुद्दीन व शालिक राम ने किया।
इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष बृजेश यादव, रमेश यादव, वीर बहादुर यादव, अवधेश अग्रहरि, मास्टर राजेश, राम नारायण, राम चरण, कालिका बौद्ध, सोनू कुमार, दीपक, रवि, मिहीलाल सहित हजारों की संख्या में लोगों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को भव्य रूप प्रदान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *