कानपुर-सागर हाईवे पर मौत बनकर दौड़ रहे ओवरलोड ऑटो

कानपुर-सागर हाईवे पर इन दिनों ऑटो चालकों की बड़ी लापरवाही खुलेआम देखने को मिल रही है। चंद रुपयों के लालच में चालक सवारियों की जिंदगी को खतरे में डाल रहे हैं। क्षमता से कई गुना अधिक लोगों को बैठाकर हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों के बीच ऑटो दौड़ाए जा रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

बताया जा रहा है कि ऑटो में आगे दो सवारियों की जगह चार-चार लोगों को बैठाया जा रहा है, जबकि पीछे भी क्षमता से अधिक यात्रियों को ठूंसकर सफर कराया जा रहा है। कई यात्री तो ऑटो के किनारों से लटककर जान जोखिम में डालने को मजबूर हैं। हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रकों और डंपरों के बीच इस तरह का सफर सीधे मौत को दावत देने जैसा साबित हो रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह खेल रोजाना खुलेआम चल रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग आंखें मूंदे बैठा है। ओवरलोड ऑटो न सिर्फ ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं, बल्कि किसी भी वक्त बड़े सड़क हादसे का कारण बन सकते हैं।

लोगों ने प्रशासन और यातायात विभाग से मांग की है कि ऐसे लापरवाह ऑटो चालकों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए। हाईवे पर विशेष अभियान चलाकर ओवरलोड वाहनों की जांच हो और नियम तोड़ने वालों के लाइसेंस निरस्त किए जाएं, ताकि किसी निर्दोष की जान जाने से पहले इस लापरवाही पर लगाम लग सके।

⚠️ अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो कभी भी हाईवे पर बड़ा हादसा हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *