नवजात शिशुओं की सुरक्षा के लिए ‘मिशन अनमोल’ का विस्तार, 63 जन्मजात बीमारियों की होगी फ्री स्क्रीनिंग
नर्सिंग होम मैनेजमेंट सिस्टम पोर्टल का शुभारंभ, जी.बी. पंत अस्पताल में सोटो के नए भवन का हुआ उद्घाटन
6,690 आशा कार्यकर्ताओं का मासिक प्रोत्साहन भत्ता 3,000 रुपये से बढ़ाकर 6,000 रुपये किया गया
आधुनिक तकनीक व प्रभावी स्वास्थ्य प्रणालियों के समन्वय से स्वास्थ्य व्यवस्था होगी मजबूत: उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू
परिवारों के स्वास्थ्य की चिंता करने वाली आशा बहनों सम्मान और कल्याण की चिंता करना हमारा दायित्व है: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता
घोषणाएं नहीं, परिणाम और ठोस कार्य देना सरकार का लक्ष्य: स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह
नई दिल्ली, 6 अक्टूबर 2026: दिल्ली के उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने मंगलवार को त्यागराज स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में कई महत्वपूर्ण जनकल्याूणकारी योजनाओं का शुभारंभ किया। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत राज्य स्तरीय ‘आशा सम्मेलन-2026 और आशा सम्मान समारोह’ का भव्य आयोजन किया गया। समारोह के दौरान जी. बी. पंत अस्पताल में सोटो (SOTTO) भवन का वर्चुअल उद्घाटन, अनमोल पहल का विस्तार, नर्सिंग होम मैनेजमेंट सिस्टम पोर्टल का शुभारंभ और आशा कार्यकर्ताओं के प्रोत्साहन भत्ते में ऐतिहासिक वृद्धि की घोषणा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर परिवार के स्वास्थ्य की चिंता करने वाली आशा बहनें घर-घर तक स्वास्थ्य सेवाओं और सरकारी योजनाओं को पहुंचाती हैं। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में हमारी सरकार का संकल्प है कि जो बहनें हर परिवार की सेवा कर रही हैं, उनके सम्मान, सुविधा और कल्याण का भी पूरा ध्यान रखा जाए। इस अवसर पर दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित थे।

‘दिल्ली को अधिक स्वस्थ, सक्षम और नागरिक-केंद्रित बनाएंगी ये योजनाएं
इस अवसर पर उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही विकसित और सशक्त दिल्ली की आधारशिला हैं। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत शुरू की गई स्वास्थ्य योजनाओं का उद्देश्य आधुनिक तकनीक, प्रभावी सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणालियों और मानवीय दृष्टिकोण के समन्वय से दिल्ली की स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य व्यवस्था की अग्रिम पंक्ति में रहकर गर्भवती महिलाओं, बच्चों और परिवारों तक स्वास्थ्य सेवाएं एवं जागरूकता पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उनके मासिक मानदेय को 3,000 रुपये से बढ़ाकर 6,000 रुपये किया जाना उनके योगदान और समर्पण के प्रति सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने नवजात शिशुओं में शुरुआती स्तर पर स्वास्थ्य समस्याओं की पहचान और समय पर उपचार के लिए अनमोल पहल और जी.बी. पंत अस्पताल में सोटो के नवनिर्मित केंद्र की सराहना की, जो अंगदान और प्रत्यारोपण व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
उपराज्यपाल ने कहा कि नर्सिंग होम मैनेजमेंट सिस्टम पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण और नवीनीकरण जैसी प्रक्रियाओं को ऑनलाइन एवं पारदर्शी बनाया गया है, जिससे प्रक्रियाएं सरल होंगी, अनावश्यक प्रशासनिक बाधाएं कम होंगी और निगरानी बेहतर होगी। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के विजन के अनुरूप सरकार का प्रयास है कि स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। तकनीक, मजबूत स्वास्थ्य प्रणालियों और करुणा आधारित सेवा के समन्वय से दिल्ली को स्वस्थ, सक्षम और विकसित राजधानी बनाने की दिशा में कार्य जारी है।

अंगदान से नई उम्मीद, डिजिटल सेवाओं से आसान स्वास्थ्य व्यवस्था
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि अंगदान केवल चिकित्सा प्रक्रिया नहीं, बल्कि मानवता, संवेदना और जीवन के प्रति सम्मान का प्रतीक है। किसी व्यक्ति के निधन के बाद उसके अंग जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकते हैं। उन्होंने दिल्लीवासियों से अंगदान और देहदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का आह्वान करते हुए बताया कि उन्होंने स्वयं सोटो पोर्टल के माध्यम से देहदान का पंजीकरण कराया है। उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं से परिवारों और वरिष्ठ नागरिकों तक अंगदान का संदेश पहुंचाने तथा इच्छुक लोगों को इसकी प्रक्रिया की जानकारी देने की अपील की। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति का संकल्प किसी दूसरे के जीवन में नई उम्मीद और नई शुरुआत बन सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं की सफलता में आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने विश्वास जताया कि दिल्ली की आशा बहनें बड़ी बहन की तरह हर परिवार तक पहुंचकर स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी देंगी और लोगों को उनका लाभ लेने के लिए प्रेरित करेंगी। उन्होंने कहा कि सरकार, स्वास्थ्यकर्मियों और नागरिकों के मिलकर काम करने से दिल्ली की स्वास्थ्य व्यवस्था और मजबूत होगी। मुख्यमंत्री ने आशा बहनों के सेवा भाव और समर्पण को नमन करते हुए कहा कि जो बहनें दिल्ली के परिवारों के स्वास्थ्य की चिंता करती हैं, उनके सम्मान और कल्याण की चिंता करना सरकार का दायित्व है।
आशा बहनों के योगदान को सम्मान, प्रोत्साहन राशि हुई दोगुनी
दिल्ली की स्वास्थ्य सेवाओं को हर घर के दरवाजे तक पहुंचाने वाली 6,690 आशा कार्यकर्ताओं के समर्पण और अटूट सेवा भावना का सम्मान करते हुए दिल्ली सरकार ने उनका मासिक प्रोत्साहन भत्ता 3,000 रुपये से बढ़ाकर 6,000 रुपये किया है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया और आगामी नवरात्रि उत्सव के दौरान उनके लिए एक विशेष डांडिया कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा भी की।
अनमोल पहल: नवजातों के लिए सुरक्षा चक्र
कार्यक्रम के दौरान मिशन ‘अनमोल’ (एडवांस्ड न्यूबॉर्न मॉनिटरिंग ऐंड ऑप्टिमल लाइफ केयर, ANMOL) के विस्तार का शुभारंभ किया गया। इसके तहत नवजात शिशुओं में गंभीर लेकिन उपचार योग्य आनुवंशिक, मेटाबॉलिक और जन्मजात विकारों की समय रहते पहचान के लिए व्यापक स्वास्थ्य जांच, स्क्रीनिंग, शीघ्र निदान और आवश्यक उपचार की व्यवस्था को मजबूत किया गया है। जन्म के 24 से 72 घंटे के भीतर 63 जन्मजात बीमारियों की स्क्रीनिंग की जाएगी, जिससे स्वास्थ्य समस्याओं की शुरुआती अवस्था में पहचान कर उनके प्रभाव को कम करने में मदद मिलेगी। दिल्ली सरकार वार्षिक स्क्रीनिंग कवरेज को लगभग 1.5 लाख से बढ़ाकर 2.5 लाख नवजातों तक करने की दिशा में काम कर रही है। अब तक 75,000 से अधिक नवजातों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है और 700 से अधिक बच्चों को समय पर उपचार उपलब्ध कराया गया है।
सोटो भवन का उद्घाटन
जी. बी. पंत अस्पताल में स्टेट ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट ऑर्गेनाइजेशन (SOTTO) के भवन का उद्घाटन भी किया गया। आज के उद्घाटन के साथ ही सोटो के माध्यम से दिल्ली में अंग एवं ऊतक दान तथा प्रत्यारोपण से जुड़ी गतिविधियों के समन्वय, जागरूकता और संस्थागत व्यवस्था को और मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
नर्सिंग होम मैनेजमेंट सिस्टम पोर्टल से स्वास्थ्य प्रशासन होगा डिजिटल और सुगम
दिल्ली सरकार ने निजी नर्सिंग होम की प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल, पारदर्शी और तकनीक-सक्षम बनाने की दिशा में नर्सिंग होम मैनेजमेंट सिस्टम पोर्टल का भी शुभारंभ किया। इस पोर्टल के माध्यम से दिल्ली के निजी नर्सिंग होम के रजिस्ट्रेशन और रिन्यूल की प्रक्रिया ऑनलाइन की जाएगी। इससे संबंधित संस्थानों को आवेदन, दस्तावेज जमा करने और प्रक्रिया की स्थिति जानने के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता कम होगी। डिजिटल प्रणाली के माध्यम से पूरी प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाया जा सकेगा। साथ ही रिकॉर्ड का बेहतर प्रबंधन, निगरानी और समयबद्ध प्रशासनिक प्रक्रिया सुनिश्चित करने में भी मदद मिलेगी।
‘हर दिल्लीवासी को सुलभ, आधुनिक स्वास्थ्य व्यवस्था देना लक्ष्य’
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि दिल्ली की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 6,690 आशा कार्यकर्ताओं की प्रोत्साहन राशि 3,000 रुपये से बढ़ाकर 6,000 रुपये करना, मिशन अनमोल का विस्तार, नर्सिंग होम मैनेजमेंट सिस्टम पोर्टल का शुभारंभ और जी.बी. पंत अस्पताल में सोटो का उद्घाटन जन-केंद्रित एवं तकनीक-सक्षम स्वास्थ्य व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। आशा कार्यकर्ताओं की प्रोत्साहन राशि का विषय करीब एक दशक से लंबित था। कोरोना के कठिन दौर में भी इन कार्यकर्ताओं ने पूरी निष्ठा से सेवा की, लेकिन उनके सम्मान और प्रोत्साहन के लिए अपेक्षित कदम नहीं उठाए गए। वर्तमान सरकार ने इस लंबित विषय को पूरा कर उनके योगदान का सम्मान किया है।
उन्होंने बताया कि मिशन अनमोल के तहत जन्म के 24-72 घंटे के भीतर 63 प्रकार की जन्मजात स्वास्थ्य समस्याओं की स्क्रीनिंग की जा रही है। उन्होंने ‘अंगदान महादान’ का संदेश जन-जन तक पहुंचाने और अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के संकल्प को भी दोहराया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि काम, परिणाम और दिल्लीवासियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव सुनिश्चित करना है। स्वास्थ्य मंत्री ने उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व, सहयोग एवं मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आशा कार्यकर्ताओं, स्वास्थ्यकर्मियों और विभागीय टीमों के समर्पित प्रयासों से दिल्ली सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में ठोस कार्य और परिणाम सुनिश्चित करती रहेगी। सरकार का लक्ष्य हर दिल्लीवासी को सुलभ, आधुनिक और बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था उपलब्ध कराना है।
Prominent Journalist Amritpal Singh
Significant Contributions to Journalism & Media
As a senior journalist and Director of Chardikala Time TV, he has played a vital role in strengthening Punjabi media at a global level.










