अनुशासन, सहयोग और सेवा का भाव विकसित करती है स्काउट एवं गाइड – त्रिनेत्र पांडेय

सुधा सिंह ब्यूरो चीफ सुल्तानपुर

सुल्तानपुर – धनपतगंज ब्लॉक के पीपरगांव स्थित ग्राम्यांचल इंटर कॉलेज में तीन दिवसीय स्काउट-गाइड प्रशिक्षण एवं जांच शिविर का आयोजन पूरे उत्साह, अनुशासन और गरिमामय वातावरण में किया गया। शिविर के पहले दिन प्रातः विद्यालय परिसर में ध्वजारोहण किया गया। जैसे ही वंदे मातरम् की गूंज उठी, पूरा वातावरण देशभक्ति और अनुशासन से ओत-प्रोत हो गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।


विद्यालय के प्रबंधक ने जनपद से पधारे प्रशिक्षकों का स्वागत करते हुए कहा कि स्काउट-गाइड केवल एक पाठ्यक्रम या प्रशिक्षण नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा में आगे बढ़ाने की कला है। इससे विद्यार्थियों में अनुशासन, सहयोग, नेतृत्व क्षमता और सेवा भावना का विकास होता है। उन्होंने बच्चों से स्काउटिंग के आदर्शों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने और राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक योगदान देने का आह्वान किया।
गाइड मुख्य ट्रेनी काउंसलर वीर विक्रम सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि सच्चा स्काउट वही होता है जो अनुशासन में रहकर अपने कर्तव्यों का ईमानदारी और निष्ठा से पालन करे। उन्होंने विद्यार्थियों से शिविर के प्रत्येक सत्र में पूरे मनोयोग से भाग लेने की अपील की। प्रशिक्षण के दौरान ध्वज शिष्टाचार, गठन अभ्यास, कदम ताल, स्काउटिंग गीत, आपसी सहयोग और टीम भावना से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां कराई गईं, जिनमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अनुशासन का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया


इस तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में जनपद से आए अनुभवी प्रशिक्षकों ने बच्चों को स्काउट-गाइड आंदोलन के इतिहास, उद्देश्य और व्यवहारिक उपयोगिता की जानकारी दी। प्रशिक्षण टीम में मुख्य ट्रेनिंग काउंसलर वीर विक्रम सिंह के साथ सहायक ट्रेनर आनंद अग्रहरि एवं शिव सुंदर शामिल रहे। यह शिविर जिला विद्यालय निरीक्षक के निर्देशन में संचालित किया जा रहा है, जिससे प्रशिक्षण की गुणवत्ता और अनुशासन सुनिश्चित किया जा सके।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि धनपतगंज ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि त्रिनेत्र पांडेय ने कहा कि स्काउट एवं गाइड बच्चों को अनुशासित जीवन जीने की प्रेरणा देता है और उन्हें समाज के प्रति जिम्मेदार बनाता है। स्काउटिंग के माध्यम से सेवा और सहयोग की भावना विकसित होकर बच्चे भविष्य में बेहतर नागरिक बनते हैं। वहीं विशिष्ट अतिथि थाना प्रभारी धनपतगंज धर्मेंद्र मिश्रा ने कहा कि स्काउट एवं गाइड का उद्देश्य देश सेवा है और यह संगठन सदैव राष्ट्र के लिए समर्पित रहा है।
इस अवसर पर पूर्व प्रधान गोपाल सिंह, राम कुबेर सिंह, राकेश मिश्रा, अवधेश कुमार अग्रहरि, प्रत्याशी जिला पंचायत सदस्य वार्ड संख्या 27 सहित विद्यालय के प्रबंधक जय अग्रहरि एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। शिविर में छात्रों के उत्साह और अनुशासन को देखकर अतिथियों ने विद्यालय परिवार की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *