
बल्दीराय/सुलतानपुर।
तहसील क्षेत्र के हलियापुर अंतर्गत पूरे पांडेय मजरे फतेपुर में गुरुवार को श्रद्धा, भक्ति और आस्था के वातावरण में भव्य कलश यात्रा निकालकर धार्मिक आयोजन का शुभारंभ किया गया। कलश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने पवित्र गोमती नदी के तट से विधि-विधानपूर्वक जल भरकर कलश धारण किए और पूरे उत्साह के साथ आसपास के गांवों में भ्रमण किया।
कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर सहभागिता की, जबकि पुरुष श्रद्धालु भजन-कीर्तन और जयकारों के साथ यात्रा में शामिल रहे। पूरा क्षेत्र हर-हर गंगे और जय श्रीराम के उद्घोष से भक्तिमय वातावरण में सराबोर नजर आया। यात्रा मार्ग पर ग्रामीणों द्वारा पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत किया गया।

धार्मिक आयोजन में कथावाचक देव मूर्ति महाराज के सान्निध्य में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम के मुख्य यजमान देवनारायण एवं रामेश्वरी हैं, जिनके सहयोग से आयोजन विधिवत रूप से संपन्न हो रहा है। आयोजकों ने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा शुक्रवार से प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित की जाएगी, जबकि कथा समापन के पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन होगा।

कलश यात्रा के समापन के बाद मुख्य यजमान के पुत्र द्वारा संचालित निस्वार्थ सेवा संस्थान के तत्वावधान में देवेंद्र पाण्डेय द्वारा हजारों जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित कथावाचक देव मूर्ति महाराज ने संस्थान के इस पुनीत कार्य की सराहना की। वहीं अमेठी भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ल ने कार्यक्रम में पहुंचकर कंबल वितरण का शुभारंभ कराया।

संस्थान द्वारा क्षेत्र के कई गांवों के जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए गए, जिससे आयोजन की क्षेत्रभर में व्यापक प्रशंसा हुई। इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख अमेठी (भादर) रोहित, पूर्व मंडल अध्यक्ष हलियापुर कृष्णकुमार यादव, भाजपा नेता हिंदेश सिंह, समाजसेवी राम प्रभात सिंह, अंतरराष्ट्रीय हिन्दू सेना के प्रदेश अध्यक्ष आनंद तिवारी सहित क्षेत्र के सैकड़ों गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
