
मतदाता सूची से छेड़छाड़ लोकतंत्र की खुली हत्या : अभिषेक सिंह राणा
समाचार 18 न्यूज़ के लिए रोहित टंडन की खास रिपोर्ट
सुलतानपुर। मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम के नाम पर कथित अनियमितताओं और फर्जीवाड़े के विरोध में गुरुवार को सुलतानपुर में कांग्रेस का आक्रोश सड़कों पर नजर आया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा के नेतृत्व तथा शहर अध्यक्ष शकील अंसारी की मौजूदगी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय से पैदल मार्च निकालकर प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। नारेबाजी करते हुए कांग्रेसी लाल डिग्गी चौराहा, सुपर मार्केट और डाकखाना चौराहा होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां सड़क पर बैठकर घंटों धरना-प्रदर्शन किया गया। कांग्रेसियों ने मतदाता सूची से छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए प्रशासन और सत्ताधारी दल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
धरना स्थल पर जब सिटी मजिस्ट्रेट ज्ञापन लेने पहुंचे तो कांग्रेसियों ने ज्ञापन सौंपने से इनकार कर दिया और जिलाधिकारी से ही सीधे मुलाकात की मांग पर अड़ गए। बाद में जिलाधिकारी ने स्वयं कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की और मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न होने का आश्वासन दिया। इसके बाद कांग्रेस ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।

इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल के कार्यकर्ता, जिनमें उनके बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) भी शामिल हैं, बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) पर दबाव बनाकर बड़ी संख्या में फॉर्म-7 जमा करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया केवल एक-दो क्षेत्रों तक सीमित नहीं है, बल्कि सुलतानपुर सदर, लंभुआ, जयसिंहपुर और इसौली विधानसभा सहित जनपद की सभी विधानसभा क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर फॉर्म-7 के नाम पर योग्य मतदाताओं के नाम काटे जा रहे हैं। इससे विशेषकर अल्पसंख्यक, दलित और पिछड़े वर्गों के मतदाताओं को मतदान के अधिकार से वंचित करने की साजिश रची जा रही है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने कहा कि मतदाता सूची से छेड़छाड़ लोकतंत्र की खुली हत्या है। गरीब, दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक मतदाताओं का वोट छीनने की साजिश हो रही है। कांग्रेस इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। समय रहते ही मतदाता सूची से छेड़छाड़ बंद नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी आंदोलन को और तेज करेगी। शहर अध्यक्ष शकील अंसारी ने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण के नाम पर चुनिंदा समुदायों को डराया और भ्रमित किया जा रहा है। यह संविधान और बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के लोकतंत्र पर सीधा हमला है। कांग्रेस आखिरी सांस तक मताधिकार की रक्षा करेगी।जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष ओ पी चौधरी ने कहा कि फॉर्म-7 आज सत्ता के हाथों में लोकतंत्र को कुचलने का हथियार बन चुका है। राहुल त्रिपाठी ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया संदिग्ध प्रतीत होती है। यह प्रशासनिक चूक नहीं, बल्कि सुनियोजित साजिश है। पीसीसी सदस्य हौसला भीम ने कहा कि दलित, पिछड़े और वंचित वर्गों का वोट छीनने की कोशिश सत्ता की हताशा को दर्शाती है। कांग्रेस ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र और प्रत्येक बूथ पर जमा फॉर्म-7 की सूची सार्वजनिक की जाए, आवेदनकर्ताओं की पहचान उजागर की जाए तथा दोषी बीएलओ और दबाव बनाने वाले राजनीतिक लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी न होने पर जिला निर्वाचन अधिकारी के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर सलाहुद्दीन हाशमी,रंजीत सिंह सलूजा, हरीश त्रिपाठी, अपरबल सिंह,निकलेश सरोज, नफीस फारूकी,विजय पाल, नंदलाल मौर्य, मनोज तिवारी, ममनून आलम,सुब्रत सिंह सनी, ओ पी सिंह,आवेश अहमद, हामिद राईन, शंकर प्रसाद,इंतजार अहमद, रियाज अहमद,फिरोज अहमद, अनिल सिंह, चंद्रभान सिंह, रणविजय सिंह, मनीष तिवारी, मोहित तिवारी, सर्वेंद्र सिंह, इसरार अहमद,इश्तियाक अहमद, अनवर अंसारी,मो अतीक, हर्ष नारायण शुक्ल, जमींदार यादव,राम चंद्र कोरी, राधेश्याम,हसीब अहमद, अजय मिश्रा,दिनेश तिवारी, अती उल्ला,हाजी इरफान, हसीन खान, शमीम, संतोष वर्मा,संजय यादव, रूपेश शर्मा,विशाल वर्मा,अजय सिंह,राम भवन पाण्डेय, विकास पाण्डेय,पंकज मिश्र,संतोष तिवारी,आफताब, उमाकांत त्रिपाठी,वरुण मिश्र, जफर खान, अरविंद सिंह,जिगर पाठक, पवन गौतम, इमरान अहमद, शरद श्रीवास्तव, इसरार खान, उस्मान खान,जनेश्वर उपाध्याय, जफीर अहमद, दयाशंकर दूबे, एजामुद्दीन, ओम प्रकाश दूबे, अरबाज खान,जनार्दन शुक्ला,विकास मिश्र,पवन मिश्रा,सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
