बैठक के दौरान समिति ने चंडीगढ़ प्रशासन के शहरी नियोजन विभाग के मुख्य वास्तुकार द्वारा प्रस्तावित कैपिटल कॉम्प्लेक्स, सेक्टर-1, चंडीगढ़ की व्यापक सुरक्षा योजना (Comprehensive Security Plan) को मंजूरी प्रदान की।
बैठक में सड़क दुर्घटना पीड़ितों के कैशलेस उपचार के लिए संचालित पीएम राहत योजना की प्रगति से भी समिति को अवगत कराया गया। बताया गया कि योजना के शुभारंभ के बाद से TMS 2.0 पोर्टल पर 30 मामले पंजीकृत किए गए हैं, जिनमें से 21 मामलों को स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है।
शहर में सड़क सुरक्षा संबंधी बुनियादी ढांचे की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सेक्टर 29/30 लाइट प्वाइंट के मध्य मार्ग (मीडियन) में ग्रिल लगाने का कार्य दो माह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, V-3, V-4 और V-5 सड़कों पर 61 स्थानों पर 195 ब्लिंकर लगाने का कार्य एक माह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए।
समिति ने संबंधित विभागों को धनास ब्रिज, मटका चौक तथा इंडस्ट्रियल एरिया फेज-I/बलटाना टर्न पर एडेप्टिव ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) लाइटें स्थापित करने के निर्देश दिए। एयरपोर्ट लाइट प्वाइंट पर सड़क चौड़ीकरण कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की गई तथा इसे निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए।
समिति ने शहर में 83 घातक सड़क दुर्घटना स्थलों के संयुक्त निरीक्षण के उपरांत की गई कार्रवाई की भी समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि संबंधित दो सर्किल डिवीजनों के अंतर्गत क्रमशः 16 और 26 स्थानों पर अनुशंसित सड़क सुरक्षा उपाय लागू किए जा चुके हैं। शेष स्थानों पर सुरक्षा संबंधी सिफारिशों को शीघ्र लागू करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
पीजीआईएमईआर के आसपास अतिक्रमण एवं यातायात संबंधी समस्याओं का संज्ञान लेते हुए उपायुक्त ने एसडीएम (सेंट्रल) को क्षेत्र में अतिक्रमण के विरुद्ध नियमित रूप से प्रवर्तन अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही, चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस को सड़कों पर अनधिकृत रूप से खड़े वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए, ताकि यातायात का सुचारू संचालन सुनिश्चित किया जा सके और सड़क उपयोगकर्ताओं को किसी प्रकार की बाधा न हो।
उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को बैठक में लिए गए निर्णयों पर समन्वित एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से पैदल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए संबंधित विभागों को पैदल यात्रियों के अनुकूल सड़क बुनियादी ढांचे तथा प्रभावी प्रवर्तन उपायों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
Prominent Journalist Amritpal Singh
Significant Contributions to Journalism & Media
As a senior journalist and Director of Chardikala Time TV, he has played a vital role in strengthening Punjabi media at a global level.










