मेवात कैडर के नव-नियुक्त 1054 प्राथमिक शिक्षकों का ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के सपने को साकार करेगी नई पीढ़ी : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को 39.90 लाख रुपये की सम्मान राशि व स्कॉलरशिप भी जारी
नई दिल्ली , 29 अगस्त। हरियाणा के मेवात क्षेत्र को शिक्षा के क्षेत्र में शनिवार को एक बड़ी सौगात मिली। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने नूंह की अनाज मंडी में आयोजित राज्य स्तरीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम के दौरान मेवात कैडर के 1054 नव-नियुक्त प्राथमिक (पीआरटी) शिक्षकों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि नए शिक्षकों की तैनाती से क्षेत्र में शिक्षक-विद्यार्थी का अनुपात सुधरेगा और प्राथमिक शिक्षा का स्तर और अधिक मजबूत होगा।
कार्यक्रम की शुरुआत में दीप प्रज्ज्वलित करके मुख्यमंत्री ने इस दिन को खास बताते हुए कहा कि आज भादो मास की प्रतिपदा है, जन्माष्टमी नजदीक है और हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय खेल दिवस भी मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वीर हसन खां मेवाती की शौर्य भूमि पर इतने बड़े आयोजन का होना मेवात क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। इस अवसर पर नव-नियुक्त शिक्षकों के लिए शिक्षा विषयक 22 स्टॉल की एक भव्य प्रदर्शनी आयोजित की गई, जिसका मुख्यमंत्री ने अवलोकन किया। साथ ही, शिक्षकों के व्यावसायिक कौशल को निखारने के लिए विशाल एलईडी स्क्रीन पर पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के ज़रिए एक प्रभावी प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित हुआ। इस दौरान ‘मुख्यमंत्री मेवात छात्र प्रतिभा सम्मान योजना’ के तहत सम्मान राशि भी जारी की गई। इस दौरान हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा मौजूद थे।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने अपने संबोधन में नई भर्ती को युवाओं की योग्यता की जीत बताते हुए कहा कि पहले की सरकारों में भाई-भतीजावाद, जातपात, क्षेत्रवाद और पर्ची-खर्ची के हिसाब से नौकरी मिलती थी। बीजेपी की सरकार बनते ही बिना पर्ची-बिना खर्ची के 2 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां देकर योग्य युवाओं का आत्मसम्मान लौटाया है, जबकि पिछली कांग्रेस सरकार ने अपने 10 साल के कार्यकाल में महज 86 हजार सरकारी नौकरियां दी थीं। उन्होंने पंजाब में भर्तियों में हो रहे भ्रष्टाचार को लेकर भी आम आदमी पार्टी पर कड़ा प्रहार किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेवात, जो कभी शिक्षा के क्षेत्र में पिछड़ा माना जाता था, अब होनहार बच्चों का क्षेत्र बन गया है। रोजगार और शिक्षा के सुदृढ़ीकरण से मेवात में एक नया शैक्षणिक सूर्योदय हो रहा है। इसी क्रम में बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले 70 प्रतिभाशाली बच्चों को ‘मुख्यमंत्री मेवात छात्र प्रतिभा सम्मान योजना’ के तहत 39 लाख 90 हजार रुपये की सम्मान राशि जारी की गई। उन्होंने बताया कि पिछले साल ऐसे विद्यार्थियों की संख्या 40 थी, जो इस बार बढ़कर 70 हो गई है। इसके अलावा ‘मुख्यमंत्री मेवात पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना’ के तहत 1364 विद्यार्थियों को 52 लाख 44 हजार रुपए की छात्रवृत्ति भी जारी की गई।
उन्होंने कहा कि हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से करीब 26 हजार युवाओं को अनुबंध आधार पर नौकरी दी गई है और कानून बनाकर इन्हें सेवा सुरक्षा भी दी गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना हैं और इसमें युवा पीढ़ी की अहम भूमिका होगी। इसी सोच के तहत प्रधानमंत्री की पहल पर नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस जिला के 450 स्कूल भवनों की डीपीआर तैयार हो चुकी है तथा सरकार ने 200 करोड रुपए जारी कर दिए हैं। इन स्कूलों के सुधारीकरण पर 400 करोड रुपए खर्च होंगे। उन्होंने कहा कि निपुण हरियाणा के तहत शिक्षकों के दो प्रशिक्षण चरण पूरे हो चुके हैं और अगले माह करीब 32 हजार पीआरटी शिक्षकों को प्रशिक्षण दिए जाने की योजना है।
मुख्यमंत्री ने शिक्षकों को पांच संकल्प लेने का किया आह्वान
मेवात कैडर के नव-नियुक्त शिक्षकों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह नियुक्ति उनकी वर्षों की मेहनत और परिवार के त्याग का सुखद परिणाम है। उन्होंने शिक्षकों से आग्रह किया कि वे अपनी नियुक्ति को कठिन पोस्टिंग नहीं बल्कि परिवर्तन की पोस्टिंग के रूप में देखें और जहां अवसर कम दिखें, वहीं अपना सर्वश्रेष्ठ दें। उन्होंने कहा कि खेल, कहानी, चित्र, गतिविधि और स्थानीय उदाहरणों के जरिए पढ़ाई को रोचक बनाया जाए, बच्चों की मातृभाषा और स्थानीय बोली का सम्मान किया जाए तथा कक्षा में ऐसा माहौल बने जहां प्रश्न पूछना जिज्ञासा माना जाए न कि कमजोरी।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि तकनीक शिक्षा का महत्वपूर्ण साधन है और डिजिटल सामग्री सीखने को रोचक बना सकती है, लेकिन मशीन जानकारी दे सकती है, संस्कार नहीं दे सकती। इसलिए शिक्षक को मानवीय संबंध को हमेशा केंद्र में रखना चाहिए।
इस अवसर पर उन्होंने शिक्षकों से पांच संकल्प लेने का आह्वान किया, हर बच्चे को अपना बच्चा मानना, किसी बच्चे को सीखने में पीछे न छूटने देना, समय व ईमानदारी से विद्यालय जाना, अभिभावकों व समाज को शिक्षा से जोड़ना तथा अपने आचरण से बच्चों को वे बातें सिखाना जो किताबों से नहीं सिखाई जा सकतीं।
नई शिक्षा नीति भारत को विश्व गुरु बनाने का दस्तावेज : शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा
इस दौरान शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने आज मेवात क्षेत्र को बड़ी सौगात दी है। उन्होंने नव नियुक्त पीआरटी को बधाई देते हुए कहा कि आज ये धरती नए संकल्पों की ऊर्जा को आलोकित कर रही है। उन्होंने कहा कि प्राइमरी शिक्षा किसी भी बच्चे की नींव होती है अगर नींव मजबूत होगी तो भविष्य भी मजबूत होगा। आप सभी बच्चों की मजबूत नींव गढ़ने वाले गुरुजन हैं। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति भारत को विश्व गुरु बनाने का दस्तावेज है। उन्होंने कहा कि आप सभी गुरुजन नौकरी करने नहीं, बदलाव के संवाहक बनकर आए हैं। बच्चों को शिक्षित करना नौकरी नहीं बल्कि एक पवित्र राष्ट्रीय सेवा है।
Prominent Journalist Amritpal Singh
Significant Contributions to Journalism & Media
As a senior journalist and Director of Chardikala Time TV, he has played a vital role in strengthening Punjabi media at a global level.










