
शीघ्र ही संगठन में नियुक्त होंगे नए पदाधिकारी — रवीन्द्र त्रिपाठी
रिपोर्ट रोहित टंडन समाचार 18 न्यूज़
सुलतानपुर। भारतीय उद्योग व्यापार मंडल द्वारा आज बस स्टेशन बढ़िया वीर – बाधमंडी चौराहे पर चलाए गए व्यापक सदस्यता अभियान के दौरान कुल 120 नए व्यापारियों को सदस्य बनाया गया, जिससे संगठन की शक्ति और प्रभाव क्षेत्र में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
प्रदेश महामंत्री रवीन्द्र त्रिपाठी ने बताया कि संगठन की पारदर्शी कार्यशैली और व्यापारी हितों के प्रति निरंतर संघर्ष के कारण आज प्रतिष्ठित व्यापारी स्वयं फोन कर संगठन से जुड़ने की इच्छा व्यक्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “किसी भी संगठन की वास्तविक शक्ति उसके सदस्य होते हैं। अधिक सदस्यता वाले संगठन को ही मजबूत और प्रभावी माना जाता है।”
उन्होंने आगे कहा कि भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ही ऐसा संगठन है जो न केवल व्यापारिक मुद्दों के समाधान के लिए सक्रिय है बल्कि धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों में भी अग्रणी भूमिका निभाता है। संगठन लगातार व्यापारियों की समस्याओं को लेकर सरकारी विभागों से संवाद स्थापित करता है और समाधान सुनिश्चित करता है।

प्रदेश महामंत्री ने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा बताते हुए कहा कि फरवरी से मार्च के बीच जिले की सभी विधानसभाओं में व्यापारी सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इसके उपरांत जिले में एक भव्य व्यापारी महासम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें लगभग 10,000 व्यापारियों के शामिल होने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि संगठन व्यापारी हितों की रक्षा एवं सुरक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है और किसी भी हालत में व्यापारी उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
आज के सदस्यता अभियान के दौरान फर्नीचर व्यापारी हर्षित अग्रवाल, आलोक गुप्ता, सीमेंट व्यापारी संदीप तिवारी सहित कई व्यापारियों को सदस्यता ग्रहण कराई गई।
अभियान में मंडल उपाध्यक्ष जय भारत मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष राजू अग्रवाल, नगर प्रभारी समीर, मयंक, राजीव सोनी सहित विभिन्न पदाधिकारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
अंत में प्रदेश महामंत्री रविन्द्र त्रिपाठी ने नए सदस्यों को सदस्यता प्रमाण पत्र वितरित किए।
