
रिपोर्ट रोहित टंडन समाचार 18 न्यूज़
सुल्तानपुर, नगर पालिका सभाकक्ष में आज दिनांक 16 जनवरी को विशेष गहन पुनरीक्षण (S.I.R.)–2026 के तहत प्रकाशित एकीकृत मूल निर्वाचक नामावली को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल ने की, जबकि संयोजन अधिशासी अधिकारी लाल चन्द्र सरोज द्वारा किया गया।
बैठक में नगर क्षेत्र के समस्त बूथों की मतदाता सूची पर सभासदों के साथ गहन चर्चा और समीक्षा की गई।
पालिकाध्यक्ष ने बताया कि 2025 की पुरानी मतदाता सूची और 06 जनवरी 2026 को प्रकाशित नई सूची के तुलनात्मक अध्ययन में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि नगर क्षेत्र में लगभग 28 प्रतिशत मतदाताओं के नाम सूची से कट चुके हैं, जो कि न केवल गंभीर बल्कि अत्यंत चिंताजनक स्थिति है।
इस स्थिति को देखते हुए नगर पालिका द्वारा विशेष सत्यापन अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है।
अभियान के तहत घर-घर जाकर संपर्क कर छूटे हुए और कटे हुए नामों का मिलान किया जाएगा तथा पात्र मतदाताओं से फार्म संख्या–6 भरवाकर उनके नाम पुनः मतदाता सूची में शामिल कराए जाएंगे।
जो नाम पता न चलने या अनुपस्थिति के कारण कटे हैं, उन्हें भी पुनः सम्मिलित करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
पालिकाध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल ने इस कार्य में सभासदों की सहायता हेतु वार्डों के सफाई नायकों और पम्प आपरेटरों को निर्देशित किया कि वे एक सप्ताह के भीतर घर-घर जाकर मतदाता सूची से संबंधित जानकारी जुटाएं और नागरिकों को समय से फार्म संख्या–06 उपलब्ध कराकर बीएलओ को सौंपने में सहयोग करें।
वहीं अधिशासी अधिकारी लाल चन्द्र सरोज ने बताया कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण–2026 के अंतर्गत नोटिसें जारी की जा रही हैं।
बूथों का बंच बनाकर सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नियुक्त किए गए हैं, जो नियत तिथियों पर सुनवाई करते हुए मतदाताओं के दस्तावेजों की जांच के बाद नियमानुसार नाम सूची में सम्मिलित करेंगे।
पालिकाध्यक्ष ने सभी सभासदों से अपील की कि वे अपने-अपने वार्डों में जाकर लोगों को जागरूक करें और एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी नैतिक जिम्मेदारी निभाएं, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रह जाए।
उन्होंने आश्वासन दिया कि इस कार्य में नगर पालिका की ओर से पूर्ण सहयोग प्रदान किया जाएगा।
बैठक में अधिशासी अधिकारी लाल चन्द्र सरोज सहित सभासद विजय कुमार जायसवाल, संजय कप्तान, मो. जाहिद गुड्डू, अरशद हबीब, अखिलेश मिश्र, भैयादीप सिंह, मो. आरिफ, अरविन्द कुमार यादव, दिनेश चैरसिया, अरुण कुमार तिवारी, गिरीश कुमार मिश्र, प्रवीण मिश्र, अफजल अंसारी तथा प्रतिनिधि देवानन्द, राजू भाई पीको, मो. अहमद भाई, मनीष कुमार जायसवाल, संदीप गुप्ता, मंगरू प्रसाद प्रजापति सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
