
सुधा सिंह ब्यूरो चीफ सुल्तानपुर
सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश महिला शिक्षक संघ जनपद सुलतानपुर की जिला कार्यकारिणी द्वारा होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन शहर स्थित आर एस मॉल में किया गया, जिसमें जिले की बड़ी संख्या में महिला शिक्षिकाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष डॉ. गायत्री सिंह ने की, जबकि जिला महामंत्री सीमा सिंह के निर्देशन में कार्यक्रम का सफल संचालन हुआ। वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुचित्रा सिंह के कुशल संयोजन से आयोजित इस कार्यक्रम में संगठन की संरक्षिका श्रीमती पल्लवी वर्मा की उपस्थिति ने समारोह की गरिमा को और बढ़ा दिया।

कार्यक्रम का संचालन जिला मीडिया प्रभारी डॉ. अर्चना चित्रांशी ने किया। इस अवसर पर उपस्थित महिला शिक्षिकाओं ने संगठन की गतिविधियों और कार्यों की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि जिलाध्यक्ष डॉ. गायत्री सिंह न केवल उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनती हैं, बल्कि उनके समाधान के लिए समय देकर सक्रिय रूप से प्रयास भी करती हैं।
सभी शिक्षिकाओं ने प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुलोचना मौर्य के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने महिला शिक्षिकाओं के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध कराया है।
संरक्षिका पल्लवी वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में महिलाओं को अपने अधिकारों और समस्याओं के समाधान के लिए स्वयं आगे आना होगा और संगठित होकर कार्य करना होगा।
कार्यक्रम के दौरान सभी शिक्षिकाओं ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी एकजुटता का संदेश दिया।

इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष निधि गुप्ता, मंजू मिश्रा, संयुक्त जिला मंत्री सुनीता श्रीवास्तव, जिलामंत्री डॉ. मनीषा सक्सेना, अरुणा अम्बेडकर, जिला संगठन मंत्री डॉ. बीना रतन मिश्रा, विभा श्रीवास्तव, उपासना श्रीवास्तव सहित ब्लॉक कार्यकारिणी से ब्लॉक मंत्री नीलम गुप्ता, मीडिया प्रभारी प्रीति गुप्ता, उपाध्यक्ष मोनिका, सोनल तिवारी, रंजू वर्मा सहित अन्य कई शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के अंत में जिलाध्यक्ष डॉ. गायत्री सिंह ने सभी उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
