वोटर लिस्ट से छेड़छाड़ पर कांग्रेस सख्त मुलाकात कर दी चेतावनी

दो दिनों के भीतर कार्रवाई न हुई तो सड़क पर उतरेगी कांग्रेस : अभिषेक सिंह राणा

समाचार 18 न्यूज़ के लिए रोहित टंडन की खास रिपोर्ट
सुल्तानपुर जनपद में चल रहे निर्वाचन कार्यों को सत्ता पक्ष द्वारा जानबूझकर प्रभावित करने और लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिश का आरोप लगाते हुए कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने कहा कि निर्वाचन आयोग की मंशा के विपरीत फॉर्म-6 ऑनलाइन प्रक्रिया को अव्यवस्थित कर नए मतदाताओं को मताधिकार से वंचित किया जा रहा है। ऑनलाइन आवेदन करने पर फॉर्म गलत क्षेत्र के बीएलओ के पास पहुंच रहा है, जहां से उसे बिना किसी सूचना के मनमाने ढंग से रिजेक्ट किया जा रहा है। यह सीधे-सीधे मतदाताओं के अधिकारों का हनन है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता पक्ष के लोग फर्जी तरीके से फॉर्म-7 आपत्तियों का हथियार बनाकर सही मतदाताओं के नाम कटवा रहे हैं, जिसमें खास तौर पर अल्पसंख्यक, पिछड़ा और दलित समाज को निशाना बनाया जा रहा है। जिले भर से इस तरह की शिकायतें लगातार कांग्रेस के पास पहुंच रही हैं। श्री राणा ने जिलाधिकारी से मांग की है कि फॉर्म-7 के जरिए की गई हर आपत्ति की मौके पर जाकर बीएलओ द्वारा अनिवार्य जांच कराई जाए। बिना भौतिक सत्यापन के अगर किसी भी मतदाता का नाम काटा गया तो कांग्रेस पार्टी इसे लोकतंत्र पर हमला मानेगी औऱ गांधी वादी तरीके से विरोध प्रदर्शन करेगी । कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने प्रशासन को सख्त चेतावनी दी कि यदि अगले दो दिनों में इस मामले में ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस जन सड़क पर उतर कर आंदोलन करने को बाध्य होंगे और इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। प्रतिनिधि मंडल में शहर अध्यक्ष शकील अंसारी, वरिष्ठ नेता सलाहुद्दीन हाशमी, पूर्व प्रदेश सचिव रणजीत सिंह सलूजा, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी निकलेश सरोज, जिला महासचिव ममनून आलम, शहर कांग्रेस प्रवक्ता मोहम्मद हामिद राईनी, ओबीसी कांग्रेस प्रदेश महासचिव मोहसिन सलीम, शहर कमेटी के मोहम्मद अतीक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *