नदी-तालाबों के पास सावधानी की अपील, तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह
वाराणसी में एनडीआरएफ का जागरूकता अभियान, श्रद्धालुओं को बताए आपदा से बचाव के उपाय
दामिनी और सचेत ऐप से प्रभावित क्षेत्रों में मिलेगी मदद, बिजली गिरने से लेकर मौसम तक का अपडेट
प्रयागराज/वाराणसी, 19 अगस्त। उत्तर प्रदेश में बाढ़ और जलभराव की स्थिति के बीच योगी सरकार ने प्रभावित जिलों में राहत और बचाव कार्यों को प्राथमिकता पर जारी रखा है। लखीमपुर खीरी और अयोध्या में बाढ़ से जुड़े राहत-बचाव कार्यों पर विशेष जोर दिया जा रहा है। वहीं प्रयागराज में एनडीआरएफ की टीम डूबने की घटनाओं में सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है। सरकार और बचाव दलों की सक्रियता से प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने और आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई पर जोर दिया जा रहा है।

प्रदेश के विभिन्न जिलों में एनडीआरएफ की टीमें जरूरत के अनुसार घटनास्थलों पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चला रही हैं। साथ ही लोगों को नदियों और जलाशयों के आसपास सावधानी बरतने तथा प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की जा रही है।
प्रयागराज के नैनी क्षेत्र में 11वीं वाहिनी एनडीआरएफ की टीम ने डूबे व्यक्ति की तलाश के लिए व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया। डीप डाइवर की मदद से टीम ने 18 अगस्त को दोपहर 2:10 बजे उसे बरामद किया गया। एनडीआरएफ ने लोगों से नदी, तालाब और अन्य जलाशयों में स्नान या किसी अन्य गतिविधि के दौरान विशेष सावधानी बरतने को कहा है। तेज बहाव और गहरे पानी वाले स्थानों पर जाने से बचने व किसी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन या बचाव एजेंसियों को सूचना देने की अपील की।

वाराणसी में चलाया जागरूकता अभियान
11वीं वाहिनी एनडीआरएफ ने वाराणसी के दशाश्वमेध घाट पर सिविल डिफेंस के सहयोग से सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें श्रद्धालुओं और आम लोगों को डूबने, बाढ़, भूकंप और आग जैसी आपदाओं से बचाव के उपाय बताए। लोगों को प्राथमिक उपचार, सीपीआर और आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया की जानकारी भी दी गई।
दामिनी और सचेत ऐप की दी जानकारी
जागरूकता कार्यक्रम में लोगों को दामिनी ऐप के बारे में बताया गया, जो बिजली गिरने की संभावित गतिविधि की चेतावनी देता है। इसके अलावा सचेत ऐप के माध्यम से मौसम और आपदा संबंधी चेतावनियां प्राप्त करने की जानकारी दी गई। लोगों से इन सेवाओं का इस्तेमाल कर सतर्क रहने की अपील की गई।
आपदा में सतर्कता और समन्वय पर जोर
एनडीआरएफ और सिविल डिफेंस ने लोगों से आपदा के समय घबराने के बजाय सूझ-बूझ और सतर्कता से काम लेने की अपील की है। साथ ही अफवाहों से बचने और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। सरकार के स्तर पर भी राहत और बचाव व्यवस्था को सक्रिय रखने तथा प्रभावित लोगों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
Prominent Journalist Amritpal Singh
Significant Contributions to Journalism & Media
As a senior journalist and Director of Chardikala Time TV, he has played a vital role in strengthening Punjabi media at a global level.










