
सुधा सिंह ब्यूरो चीफ सुल्तानपुर
बल्दीराय/सुल्तानपुर।
शिक्षा क्षेत्र बल्दीराय के गायत्री नगर भखरी स्थित बीबीएस पब्लिक स्कूल में शनिवार 4 अप्रैल 2026 को वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन बड़े ही उत्साह और गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का अद्भुत प्रदर्शन किया। बच्चों के नृत्य, गीत और नाट्य प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद अभिभावकों और अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के दौरान मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि बल्दीराय ब्लॉक प्रमुख शिवकुमार सिंह द्वारा दीप प्रज्वलित कर तथा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। इसके बाद विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। इसके उपरांत बच्चों ने देशभक्ति गीतों, समूह नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिन पर उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
मुख्य अतिथि शिवकुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियां भी अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि डॉ. साधना सिंह (डीन कम्युनिटी ऑफ साइंस) ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को विकसित करते हैं। वहीं विशिष्ट अतिथि डॉ. अशोक कुमार सिंह (वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक) ने कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार और अनुशासन बच्चों को जीवन में सफलता की ओर ले जाते हैं।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक अखंड प्रताप सिंह, मैनेजर लल्लन सिंह, प्रिंसिपल प्रतिमा सिंह तथा वाइस प्रिंसिपल इमरान सिद्दीकी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम का सफल संचालन किया। कार्यक्रम में अभिषेक सिंह, मो. आरिफ, अजरा, डॉ. सूरज वैश्य, पंकज सिंह, अतरसेन यादव, सुललन खान, अब्दुल्ला बीडीसी, राघवेंद्र सिंह, मनीष दुबे, प्रियंका भारती, आशू द्विवेदी, अनुराग, अमरेंद्र, मालती, रोली, आरती, संध्या, हरेंद्र सिंह, ई. निहाल अहमद, अभिषेक मिश्रा, विजय यादव, पप्पू सिंह, जे.पी. सिंह, अनुराग सिंह सहित सैकड़ों अभिभावक एवं क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी ऐसे आयोजन करते रहने की बात कही। वार्षिकोत्सव के इस भव्य आयोजन ने पूरे क्षेत्र में शिक्षा और प्रतिभा के प्रति नया उत्साह पैदा किया।
