
समाचार 18 न्यूज़ के लिए रोहित टंडन की एक विशेष रिपोर्ट
सुलतानपुर। जिले के नवीन अमहट मंडी में तैनात सचिव रविंद्र वर्मा का ऑफिस में कुर्सी पर सोते हुए का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद सरकारी कामकाज में लापरवाही को लेकर सवाल उठने लगे हैं और विभाग में हड़कंप की स्थिति बताई जा रही है। वायरल वीडियो में मंडी सचिव अपनी कुर्सी पर आंख बंद कर लेटे हुए नजर आ रहे हैं, जिससे यह मामला चर्चा का विषय बन गया है। लोग इसे ड्यूटी के समय लापरवाही बता रहे हैं और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। मामले पर सचिव रविंद्र वर्मा ने सफाई देते हुए कहा कि उनकी आंख में कुछ चला गया था, जिसकी वजह से वह कुछ देर आंख बंद करके कुर्सी पर लेटे थे। हालांकि, वीडियो देखने के बाद लोग उनकी इस सफाई पर सवाल उठा रहे हैं और इसे जिम्मेदारी से बचने की कोशिश बता रहे हैं। लोगों का कहना है कि योगी सरकार लगातार अधिकारियों को समय से कार्यालय पहुंचकर जनता के काम करने के निर्देश देती है, इसके बावजूद इस तरह की तस्वीर सामने आना व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। फिलहाल, वायरल वीडियो के बाद लोग जांच कर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
