
सुधा सिंह ब्यूरो चीफ सुल्तानपुर
सुलतानपुर। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के तत्वावधान में 19 मार्च 2026 को चैत्र प्रतिपदा विक्रम संवत 2083 के अवसर पर भारतीय हिंदू नववर्ष का भव्य आयोजन शहर के हृदय स्थल चौक घंटाघर पर बड़े ही उत्साह और धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं आम जनमानस की भागीदारी देखने को मिली।
कार्यक्रम का आयोजन प्रदेश मंत्री हिमांशु मालवीय व क्षेत्रीय प्रभारी अवध क्षेत्र अमर बहादुर सिंह के दिशा-निर्देशन एवं जिला प्रभारी प्रवीन्द्र भालोटिया के नेतृत्व में किया गया। जिलाध्यक्ष विजय प्रधान, जिला संयोजक एवं जिला महामंत्री सरदार तेजिन्दर सिंह ने सह-संयोजक के रूप में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन को सफल बनाने में जिला, नगर एवं युवा कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने तन-मन-धन से सहयोग किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री संदीप बंसल उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में व्यापारी कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष मनीष गुप्ता, प्रदेश अध्यक्ष रिपन कंसल एवं राष्ट्रीय मंत्री प्रदीप अग्रवाल शामिल रहे। सभी अतिथियों ने भारतीय संस्कृति और परंपरा को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध भजन गायक राजवीर श्रीवास्तव की प्रस्तुति रही, जिन्होंने अपने भजनों से उपस्थित लोगों को भाव-विभोर कर दिया। साथ ही भारतीय संस्कृति एवं परंपरा पर आधारित झांकियों ने भी दर्शकों का मन मोह लिया।
आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को भारतीय परंपरा और संस्कृति से जोड़ना रहा, जिसे कार्यक्रम के माध्यम से सफलतापूर्वक साकार किया गया। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, श्रद्धा और सांस्कृतिक रंगों की अद्भुत झलक देखने को मिली।
