महिपाल ढांडा को ‘जाट समाज पर कलंक’ बताना ओछी और संकीर्ण राजनीति : शमशेर खरक
– खरक बोले 36 बिरादरी के जननेता को जातिगत चश्मे से देखना इनेलो प्रमुख की हताशा दूसरों को उपदेश देने से पहले महम और कंडेला का इतिहास याद करें
चंडीगढ़, 8 सितंबर। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी शमशेर सिंह खरक ने हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा के खिलाफ अभय सिंह चौटाला द्वारा दी गई विवादित टिप्पणी पर कड़ा ऐतराज जताया है।
खरक ने कहा कि किसी लोकप्रिय जनप्रतिनिधि को ‘जाट समाज पर कलंक’ कहना न केवल अभय चौटाला की ओछी राजनीति को दर्शाता है, बल्कि यह लोकतांत्रिक मर्यादाओं और सामाजिक भाईचारे के भी पूरी तरह खिलाफ है।
खरक ने कहा कि राजनीतिक विरोध करना लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन अपनी राजनीतिक जमीन खिसकती देख अभय चौटाला अब भाषा की गरिमा भूल चुके हैं। महिपाल ढांडा किसी एक वर्ग विशेष की राजनीति नहीं करते, बल्कि वे सर्वसमाज और 36 बिरादरी को साथ लेकर चलने वाले निष्ठावान नेता हैं। पानीपत की जनता ने उनके विकास कार्यों और नेतृत्व क्षमता पर विश्वास जताते हुए उन्हें लगातार तीन बार विधायक चुनकर विधानसभा भेजा है। ऐसे कर्मठ जननेता पर व्यक्तिगत और जातिगत टिप्पणी करना इनेलो नेतृत्व की संकीर्ण मानसिकता को उजागर करता है।
इनेलो प्रमुख को आइना दिखाते हुए शमशेर सिंह खरक ने कहा कि दूसरों पर उंगली उठाने से पहले अभय चौटाला को अपने राजनीतिक अतीत में झांकना चाहिए। महम में हुई चुनावी हिंसा और कंडेला किसान आंदोलन के दौरान हुए घटनाक्रम हरियाणा के राजनीतिक इतिहास के ऐसे संवेदनशील और काले अध्याय हैं, जिन्हें प्रदेश की जनता आज तक नहीं भूली है। दूसरों को सामाजिक न्याय और भाईचारे का उपदेश देने से पहले इनेलो नेताओं को अपने दौर की कार्यशैली पर आत्ममंथन करना चाहिए।
बॉक्स
मुद्दों की राजनीति करें चौटाला, जाट समाज किसी की जागीर नहीं: खरक
खरक ने स्पष्ट किया कि हरियाणा का जाट समाज जागरूक है और वह किसी एक राजनीतिक परिवार की बपौती या जागीर नहीं है। प्रदेश का हर समाज अपने विवेक से फैसले लेता है। उन्होंने चौटाला को खुली चुनौती देते हुए कहा, “चौटाला जी, राजनीति करनी है तो मुद्दों, आंकड़ों और तथ्यों पर कीजिए, जाति के नाम पर समाज में जहर घोलने का प्रयास मत कीजिए।”
भाजपा नेता ने कहा कि यदि विपक्षी दलों को शिक्षा मंत्री या भाजपा सरकार की नीतियों पर कोई आपत्ति है तो वे तथ्यों के साथ बहस में शामिल हों, भाजपा हर सवाल का जवाब देने को तैयार है। लेकिन केवल जातीय भावनाओं को भड़काकर राजनीतिक वजूद तलाशने की कोशिश को हरियाणा की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी।
Prominent Journalist Amritpal Singh
Significant Contributions to Journalism & Media
As a senior journalist and Director of Chardikala Time TV, he has played a vital role in strengthening Punjabi media at a global level.










