40 से अधिक पत्रकारों ने डीएम एसएसपी को सौंपा ज्ञापन
पत्रकार को गरीब की सच्चाई दिखाने पर जान से मारने की धमकी
जैन हॉस्पिटल विवाद: अखिल भारतीय पत्रकार प्रेस क्लब के प्रदेश महामंत्री अजीत कुमार चौहान को धमकी भरा संदेश भेजा जिसको लेकर की सुरक्षा की मांग
मथुरा। जैन हॉस्पिटल विवाद की कवरेज करने पर मथुरा के अखिल भारतीय पत्रकार प्रेस क्लब के प्रदेश महामंत्री अजीत कुमार चौहान को अज्ञात व्यक्ति ने व्हाट्सऐप पर जान से मारने और परिवार को नुकसान पहुँचाने और आगे सोच समझ कर करना जैसी धमकी दी है। घटना से शहर के पत्रकारों मै गहरा रोष है।
जानकारी के अनुसार, 8 अगस्त 2025 को सुबह लगभग 11:28 बजे पत्रकार के मोबाइल पर धमकी भरे संदेश आए। संदेश में कहा गया— “तुम गरीबों के हितैषी बन रहे हो, जैन हॉस्पिटल और डॉक्टर चारु जैन का वीडियो चला रहे हो, इसे तुरंत हटा दो, वरना तुम्हारे घर से लेकर कार्यालय तक, पत्नी और बच्चों तक की सारी जानकारी हमारे पास है। किसी भी समय तुम्हारे साथ घटना हो सकती है और मथुरा का कोई डॉक्टर तुम्हारा इलाज नहीं करेगा। पुलिस के पास जाने की कोशिश की तो दो दिन में खामियाजा भुगतना पड़ेगा।”
पृष्ठभूमि
कुछ दिन पूर्व उस्फार निवासी पूनम नामक महिला के परिजनों ने आरोप लगाया था कि जैन हॉस्पिटल में ओवरडोज इंजेक्शन देने से उनकी बेटी की हालत बिगड़ गई। इस घटना का वीडियो पहले से सोशल मीडिया पर वायरल था, जिसमें डॉक्टर चारु जैन परिजनों से कथित तौर पर धमकी भरे अंदाज में बात करती नजर आ रही थीं। इस मामले की कवरेज कई समाचार माध्यमों ने की, लेकिन धमकी केवल अजीत कुमार चौहान को दी गई।
पत्रकार का कहना है कि यह पत्रकारिता की स्वतंत्रता पर सीधा हमला और मानसिक उत्पीड़न का प्रयास है। उन्होंने आशंका जताई कि डॉक्टर चारु जैन या उनके सहयोगी उनकी जान को नुकसान पहुँचा सकते हैं।
पत्रकारों का ज्ञापन
घटना के विरोध में सोमवार को अखिल भारतीय पत्रकार प्रेस क्लब के बैनर तले लगभग 40–50 पत्रकारों ने जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा को ज्ञापन सौंपा। जिलाधिकारी ने भरोसा दिलाया कि मामले में शीघ्र और उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पत्रकार स्वतंत्र हैं और सही तरीके से कवरेज करते रहें, उन्हें कोई दबा नहीं सकता।
पत्रकार समाज अब पुलिस और प्रशासन से इस धमकी के पीछे के आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की अपेक्षा कर रहा है।
