आदर्श रजबहा रामनगर के निर्माण में मिली खामियां, विधायक ने लगाई फटकार

रिपोर्ट – सुधा सिंह ब्यूरो चीफ सुल्तानपुर

बल्दीराय (बघौना), सुलतानपुर।
आदर्श रजबहा रामनगर के निर्माण कार्य में गुणवत्ता में खामियां मिलने की सूचना पर इसौली विधायक मो. ताहिर खान ने शनिवार को औचक निरीक्षण किया। निर्माण स्थल पर पहुंचकर उन्होंने मानकों की अनदेखी पर कड़ी नाराजगी जताई और अधिकारियों को कार्य तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। विधायक ने स्पष्ट कहा कि किसानों के हित से जुड़ी इस परियोजना में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर गुणवत्ता की जांच कराई गई। खंड-16 के एसडीओ आर.डी. कौल ने बताया कि शिकायत मिलते ही कार्य को अस्थायी रूप से रोककर संबंधित ठेकेदार को सुधार के निर्देश दिए गए हैं। जेई पवन पाल को मौके पर तैनात कर दिया गया है और अब काम मानक के अनुरूप कराया जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आगे किसी भी तरह की कोताही नहीं बरती जाएगी।

प्रदेश के जलशक्ति विभाग द्वारा स्वीकृत इस परियोजना के तहत क़रीब 4.50 करोड़ रुपये की लागत से 15.02 किलोमीटर लंबी रामनगर–पंडरे रजबहा (माइनर) का जीर्णोद्धार किया जा रहा है, जिसे आदर्श नहर के रूप में विकसित किया जा रहा है। वर्षों से इस नहर के टेल तक पानी न पहुंचने की समस्या बनी हुई थी, जिसकी शिकायत किसान लगातार कर रहे थे। अब इस परियोजना के पूरा होने से सिंचाई व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा।

आदर्श रजबहा बनने से हैघनाकला, चकटेरी, बहुरावां, पड़रे, पीरोसरैया, हैहनाखुर्द, वीही, निदूरा, लकेहटा सहित कुल 12 गांवों के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। नहर की पटरियों पर खड़ंजा लगाने, दो स्थानों पर पुल बनाने और खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए कुलाबा (सिंचाई निकासी संरचना) भी बनाए जाने की योजना है, जिससे किसानों को अपने खेतों तक पहुंचने और सिंचाई करने में सुविधा होगी।

विधायक ताहिर खान ने कहा कि यह परियोजना किसानों की आय और खेती के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, इसलिए इसमें गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा और समय से कार्य पूरा कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *