अनुशासन ही खेल की असली आत्मा है_चन्दन नारायन

यूपी आर्म बॉक्सिंग चैंपियनशिप में खिलाड़ियो ने दिखाया दमखम

सुधा सिंह ब्यूरो चीफ सुल्तानपुर

सुल्तानपुर l जिले के पयागीपुर स्थित ड्रीम ज़ोन रिसॉर्ट हाल उस समय खेल ऊर्जा से भर उठा, जब यूपी आर्म बॉक्सिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में यूपी आर्म बॉक्सिंग चैंपियनशिप का भव्य आयोजन किया गया। इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए 160 खिलाड़ियों ने भाग लिया और अपनी ताकत, संतुलन और तकनीकी कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। एसोसिएशन के अध्यक्ष नसीरुद्दीन ने बताया कि सुल्तानपुर, अमेठी, लखनऊ, प्रतापगढ़, बाराबंकी, उन्नाव, अयोध्या और बहराइच सहित कई जिलों की टीमों ने इस प्रतियोगिता में सहभागिता की, जिससे आयोजन को व्यापक स्वरूप मिला।

प्रतियोगिता के सफल संचालन में टेक्निकल डायरेक्टर विपिन मोदनवाल और कोषाध्यक्ष आशुतोष शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिन्होंने तकनीकी और व्यवस्थागत स्तर पर हर पहलू को सुव्यवस्थित रखा। वहीं मुकाबलों की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए निर्णायक मंडल में शुभम धुरिया, माजिद अली, अल्तमश रज़ा और अमृतांशु चौरसिया ने अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाई। प्रतियोगिता में अमेठी से सूर्य त्रिपाठी ने स्वर्ण, जबकि अभिनव तिवारी और फैज़ल खान ने रजत पदक हासिल किया। सुल्तानपुर से इनाया फातिमा, उज्ज्वल यादव और मोहम्मद उज्जैर ने स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। वहीं लखनऊ से वैष्णवी चौरसिया, दीपक रावत और लक्ष्मी सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में चंदन नारायण सिंह जिलाध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा मौजूद रहे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में सुधीर विद्यार्थी, अमित विद्यार्थी और मुनेन्द्र मिश्रा चंदन अफरोज नेपाली शामिल रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया और भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया। अपने संबोधन में अतिथियों ने कहा कि इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को सकारात्मक दिशा देती हैं और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं। रोमांच से भरपूर मुकाबलों के बीच लक्ष्मी सिंह, इनाया फातिमा, नेहा रावत, विवान और उज्ज्वल यादव जैसे खिलाड़ियों ने अपने-अपने वर्गों में विजेता बनकर सबका ध्यान खींचा। पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों, आयोजकों और दर्शकों में खेल भावना, उत्साह और आपसी सम्मान का माहौल बना रहा, जिससे यह चैंपियनशिप न केवल एक प्रतियोगिता बल्कि युवाओं के आत्मविश्वास और प्रतिभा को निखारने वाला मंच बनकर उभरी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *