सुधा सिंह ब्यूरो चीफ सुल्तानपुर
सुलतानपुर। लंभुआ विकासखंड के ग्राम विकास अधिकारी पवन चौरसिया के विरुद्ध परिवार रजिस्टर में कथित छेड़छाड़ के मामले में जिला प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। जांच रिपोर्ट के आधार पर जिला विकास अधिकारी गजेंद्र तिवारी ने पवन चौरसिया को निलंबित करते हुए कूरेभार विकासखंड से संबद्ध कर दिया है। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच भी प्रारंभ कर दी गई है।
आरोप है कि ग्राम विकास अधिकारी पवन चौरसिया ने एक ग्राम सभा के परिवार रजिस्टर में अनियमित रूप से करीब 30 परिवारों के नाम जोड़ दिए थे। इस संबंध में ब्लॉक प्रमुख कुंवर बहादुर सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा शिकायत की गई थी, जिस पर प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कराई।
प्रारंभिक जांच के तहत खंड विकास अधिकारी एवं डीसी मनरेगा अजीत कुमार सिंह की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की गई, जिसने अपनी रिपोर्ट जिला विकास अधिकारी को सौंप दी। इसके बाद कुछ ग्राम प्रधानों द्वारा आरोपी सचिव के समर्थन में आने पर जिलाधिकारी कुमार हर्ष ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला स्तरीय जांच समिति का गठन किया।
जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह ने जांच की जिम्मेदारी डीसी एनआरएलएम के.डी. गोस्वामी एवं जिला पंचायत राज अधिकारी अभिषेक शुक्ला को सौंपी। विस्तृत जांच के बाद आरोपों की पुष्टि होने पर यह कार्रवाई की गई।
मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि मामला अत्यंत गंभीर था। निष्पक्ष जांच के उपरांत दोषी पाए जाने पर सचिव के खिलाफ कार्रवाई की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में यदि कोई भी पंचायत सचिव इस प्रकार की अनियमितता करता पाया गया तो उसके विरुद्ध भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद विकासखंड और पंचायत स्तर पर हड़कंप मच गया है। जिला प्रशासन ने साफ शब्दों में कहा है कि पंचायत अभिलेखों में किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाते रहेंगे।
