
कानपुर, उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश पंजाबी अकादमी के उपाध्यक्ष सरदार गुरविंदर सिंह छाबड़ा (विक्की) ने संसद में राहुल गांधी द्वारा केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को “गद्दार” कहे जाने को सिख समाज का खुला अपमान बताया। उन्होंने कहा कि यह बयान कांग्रेस की सिख विरोधी मानसिकता का जीवंत प्रमाण है, जिसे पूरा देश और सिख समाज एक बार फिर साफ़ तौर पर देख रहा है। सरदार गुरविंदर सिंह छाबड़ा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का इतिहास सिख समाज के खिलाफ़ गद्दारी, दमन और विश्वासघात से भरा रहा है। ऑपरेशन ब्लू स्टार और 1984 के सिखों के कत्लेआम को देश कभी नहीं भूल सकता। आज संसद में सिख केंद्रीय मंत्री के साथ किया गया दुर्व्यवहार उसी कांग्रेस मानसिकता की निरंतरता है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का यह आचरण न केवल एक केंद्रीय मंत्री का अपमान है, बल्कि पूरे सिख समाज की भावनाओं पर सीधा प्रहार है। कांग्रेस पार्टी आज भी सिखों के प्रति नफ़रत और दुर्भावना से ग्रसित है। सरदार छाबड़ा ने दो टूक शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि जब-जब राहुल गांधी उत्तर प्रदेश में कदम रखेंगे, सिख समाज उनका लोकतांत्रिक लेकिन पुरज़ोर विरोध करेगा और कांग्रेस की सिख विरोधी सोच को जनता के सामने उजागर करता रहेगा।
