तिकोनिया पार्क में स्थापित होगी महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा

विधायक विनोद सिंह के प्रयासों से संस्कृति विभाग ने दी स्वीकृति

समाचार 18 न्यूज़ के लिए रोहित टंडन की खास पेशकश
सुल्तानपुर। नगर पालिका परिषद के तिकोनिया पार्क में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा स्थापित किए जाने को शासन से स्वीकृति मिल गई है। उत्तर प्रदेश सरकार के संस्कृति विभाग द्वारा प्रतिमा स्थापना के लिए पूर्ण रूप से शासकीय वित्त स्वीकृत किया गया है। इसे सुल्तानपुर विधायक विनोद सिंह के प्रयासों की बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।विधानसभा सुल्तानपुर के नागरिक समाज, विशेषकर क्षत्रिय समाज द्वारा लंबे समय से महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापित करने की मांग की जा रही थी। यह मांग कई बार विधायक विनोद सिंह के समक्ष रखी गई थी। विधायक ने इस मांग को गंभीरता से लेते हुए शासन स्तर पर प्रस्ताव भेजा और लगातार प्रयास कर स्वीकृति दिलाई।महाराणा प्रताप को देश और समाज में स्वाभिमान, वीरता और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक माना जाता है। तिकोनिया पार्क में उनकी प्रतिमा स्थापित होने से जनपद के युवाओं को राष्ट्र प्रेम और स्वाभिमान की प्रेरणा मिलेगी।स्थानीय लोगों का मानना है कि यह प्रतिमा जिले के लिए गौरव का विषय होगी और आने वाली पीढ़ियों को इतिहास से प्रेरणा मिलेगी।विधायक विनोद सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप केवल एक ऐतिहासिक व्यक्तित्व नहीं,बल्कि राष्ट्र के स्वाभिमान के प्रतीक हैं। उनकी प्रतिमा स्थापित होने से समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा और युवाओं को देशभक्ति की प्रेरणा मिलेगी।प्रतिमा स्थापना की स्वीकृति मिलने के बाद क्षेत्र के लोगों और समर्थकों में खुशी का माहौल है। बताया जा रहा है कि जल्द ही तिकोनिया पार्क में प्रतिमा स्थापना का कार्य शुरू कराया जाएगा और शीघ्र ही महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा स्थापित कर दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *