ग्राम पंचायतों को सशक्त बनाने पर जोर

 

रिपोर्ट रोहित टंडन नेशनल ब्यूरो हेड चीफ़
लखनऊ स्थित पंचायती राज निदेशालय में आज पंचायती राज मंत्रालय, भारत सरकार के अपर सचिव श्री सुशील कुमार लोहानी ने मंत्रालय द्वारा संचालित योजनाओं और राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान (RGSA) के अंतर्गत चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक की। बैठक में निदेशक पंचायती राज श्री अमित कुमार सिंह सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए अपर सचिव श्री लोहानी ने कहा कि ग्राम पंचायतें देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला हैं, और ग्रामीण भारत के सर्वांगीण विकास के लिए उनका सशक्त होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से पंचायत प्रतिनिधियों और कर्मचारियों को अधिक दक्ष और सक्षम बनाया जाए, ताकि योजनाओं का लाभ सीधे ग्राम स्तर तक पहुँच सके।

श्री लोहानी ने मंत्रालय द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए विभागीय प्रयासों की सराहना की और विशेष रूप से उल्लेख किया कि ग्राम सचिवालयों की स्थापना ग्रामीण जनता को सरकारी सेवाएँ नज़दीक पहुँचाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों में आधार सेवा की शुरुआत ग्रामीणों के लिए एक ऐतिहासिक कदम है, जिससे पहचान और सरकारी सेवाओं तक उनकी पहुँच और अधिक सरल हुई है। साथ ही उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान (RGSA) के तहत चल रही गतिविधियाँ पंचायत प्रतिनिधियों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

इस अवसर पर उन्होंने पंचायती राज प्रशिक्षण संस्थान में RGSA योजना के अंतर्गत संचालित मानव संपदा पोर्टल के प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन किया और प्रतिभागियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र का विकास पंचायतों के माध्यम से ही संभव है, और पंचायतें भारत सरकार द्वारा तैयार किए गए पंचायत एडवांसमेंट इंडेक्स पोर्टल का उपयोग करके सतत विकास लक्ष्यों की स्थानीयकरण थीम और मूल्यांकन के माध्यम से अपनी प्रगति का आकलन कर 2030 तक सतत विकास लक्ष्य प्राप्त कर सकती हैं।

अपर सचिव महोदय ने यह भी कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पारदर्शिता, जवाबदेही और सेवा-भाव को बढ़ावा देने के लिए तकनीक और नवाचार का अधिकतम उपयोग किया जाना चाहिए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश की ग्राम पंचायतें अन्य राज्यों के लिए आदर्श मॉडल बनकर उभरेंगी।

बैठक के उपरांत श्री सुशील कुमार लोहानी ने पंचायती राज विभाग के प्रमुख सचिव श्री अनिल कुमार से भी भेंट की और विभागीय योजनाओं तथा भविष्य की प्राथमिकताओं पर विस्तृत चर्चा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *