650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में 20 फरवरी 2027 तक चलेगा ‘गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान
मुख्यमंत्री ने राज्य स्तरीय समिति की पहली समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
गुरु रविदास जी के विचारों को घर-घर पहुंचाएगी हरियाणा सरकार : नायब सिंह सैनी
महापुरुषों के आदर्शों से नई पीढ़ी को जोड़ना हरियाणा सरकार की प्राथमिकता : मुख्यमंत्री

नई दिल्ली 7 अगस्त : हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि संत-महापुरुषों की शिक्षाएं किसी एक समाज तक सीमित नहीं होतीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करती हैं। उन्होंने कहा कि संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज द्वारा सदियों पूर्व दिया गया समरसता, समानता और भाईचारे का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक और प्रेरणादायी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार ने संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में ‘गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान’ शुरू किया है। यह अभियान 20 फरवरी, 2027 तक पूरे प्रदेश में संचालित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को पंचकूला में संत शिरोमंणी श्री गुरू रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व के अवसर पर कार्यक्रमों हेतू गठित राज्य स्तरीय कमेटी की प्रथम समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत अनेक चरणों में कार्यक्रमों और गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा ताकि संत शिरोमणि गुरू रविदास जी महाराज की शिक्षाओं और वाणि को घर घर और जन जन तक पंहुचाया जा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हरियाणा को संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को मनाने का सौभाग्य मिला है। संत श्री गुरू रविदास जी ने ना केवल उस समय समाज में फैली कुरीतियों को खत्म करने का बीड़ा उठाया बल्कि समाज को नई दिशा देने का भी काम किया। हरियाणा सरकार द्वारा युवा पीढी को महापुरूषों की शिक्षाओं से अवगत करवाने के लिए संत-महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रचार-प्रसार योजना शुरू की है। इस योजना के अंतर्गत महापुरूषों की जयंतियों को सरकारी स्तर पर मनाया जाता है।
उन्होंने कहा कि ‘गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान’ का शुभारंभ 29 जुलाई को संत गुरु रविदास जी की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी से हुआ, जहां पवित्र मिट्टी युक्त कलशों का पूजन कर उन्हें देशभर के राज्यों के प्रतिनिधियों को सौंपा गया। इसके पश्चात यह कलश राज्य, जिला और ग्राम स्तर तक पहुंचाए जा रहे हैं, जहां श्रद्धालु जन्मस्थली की पावन मिट्टी का स्थानीय मंदिरों की मिट्टी में विधिवत समावेश कर सामाजिक समरसता का संदेश जन-जन तक पहुंचा रहे हैं। वाराणसी से शुरू की गई कलश यात्रा पूरे देश में जा रही है। इसमें श्री गुरु रविदास जी के जन्मस्थान वाराणसी से पवित्र मिट्टी लाई गई है। इसे हरियाणा के हर गांव, शहर व हर बस्ती में घर-घर तक पहुंचाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें भी गुरूग्राम में माता शीतला देवी की पावन नगरी में आयोजित कलश यात्रा में शामिल होने का सौभाग्य मिला है । उस अवसर पर उन्होंने श्रद्धा, आस्था और देश की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं का अद्भुत संगम देखा। आज उसी यात्रा को आगे बढ़ाते हुए, उन्हें माता मनसा देवी की पावन भूमि पंचकूला से ’श्री गुरु रविदास जी महाराज समरसता संकल्प अभियान’ का शुभारंभ करने का सौभाग्य मिला है। गुरु रविदास जी के समता, सामाजिक न्याय और मानवता के संदेश को प्रत्येक बस्ती, प्रत्येक परिवार तथा विशेष रूप से नई पीढ़ी तक पहुँचाने के लिए व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि गत 29 जुलाई, 2026 को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित ‘गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान’ शुरू किया गया है। यह 20 फरवरी, 2027 तक चलेगा। इस अभियान का उद्देश्य संत गुरु रविदास जी के समता, सेवा, भक्ति, सामाजिक न्याय, मानवता एवं सामाजिक समरसता के संदेश को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा विभिन्न वर्गों को सामाजिक एकता के सूत्र में पिरोना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के अनुयायी केवल हरियाणा, पंजाब या काशी तक सीमित नहीं हैं। भारत के कोने-कोने से लेकर ब्रिटेन, कनाडा, अमेरिका, इटली, ऑस्ट्रेलिया और दुनिया के अनेक देशों तक लाखों श्रद्धालु उनकी वाणी से प्रेरणा लेते हैं। उनकी वाणी ने सीमाओं को नहीं, दिलों को जोड़ा है समाज को नहीं, पूरी मानवता को दिशा दी है। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी ने हमें एक अमर संदेश दिया था – “मन चंगा तो कठौती में गंगा।” यह संदेश हमें सिखाता है कि यदि नीयत साफ है, भाव पवित्र है और कर्म लोककल्याण के लिए है, तो साधारण से साधारण स्थान भी तीर्थ बन जाता है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने संत शिरोमंणी श्री गुरू रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व के अवसर पर कार्यक्रमों हेतू गठित राज्य स्तरीय कमेटी के सभी सदस्यों से पूरी संवेदनशीलता, समयबद्ध और सेवाभाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए इस अभियान को जन जन तक पंहुचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विभिन्न चरणों में आयोजित होने वाले प्रत्येक कार्यक्रम के लिए अलग से समिति का गठन किया जाए ताकि कार्यक्रमों का भव्य आयोजन सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि सदस्यों द्वारा दिए गए बहुमूल्य सुझावों को कार्यक्रमो में सम्मलित किया जाएगा।
हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को पूरे देश में भव्य एवं गरिमामय ढंग से मनाया जा रहा है। इसी क्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में भी जनभागीदारी के साथ प्रकाश पर्व के आयोजन हेतु राज्य स्तरीय समिति का गठन किया गया है। उन्होंने बताया कि कुरुक्षेत्र की पावन धरा पर लगभग पांच एकड़ भूमि पर संत श्री गुरु रविदास धाम का निर्माण किया जाएगा, जिसका कार्य शीघ्र प्रारंभ होने वाला है।
इससे पूर्व हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी ने अपने संबोधन में कहा कि संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज एक ऐसी महान विभूति थे, जिन्होंने समाज को एकता, अखंडता, समानता और सामाजिक समरसता का अमूल्य संदेश दिया। उन्होंने कहा कि संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित ‘गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान’ के सफल संचालन के लिए प्रदेश, जिला एवं मंडल स्तर पर समितियों का गठन किया गया है। अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों एवं धार्मिक आयोजनों में सभी समुदायों की सम्मानजनक सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी, ताकि सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने अभियान के विभिन्न चरणों में आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों एवं प्रमुख गतिविधियों की विस्तारपूर्वक जानकारी भी दी।
बैठक के दौरान राज्य स्तरीय समिति के सदस्य मंत्रीगण, सांसदगण एवं विधायकों ने संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित ‘गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान’ के सफल आयोजन के लिए अपने बहुमूल्य सुझाव भी प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा, लोक निर्माण मंत्री श्री रणबीर गंगवा, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्यमंत्री श्री राजेश नागर, कालका की विधायक श्रीमती शक्ति रानी शर्मा, मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री अरुण गुप्ता, सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के आयुक्त एवं सचिव श्री के. मकरंद पांडुरंग, उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा, पुलिस उपायुक्त सुश्री आदिति सिंह, भाजपा नेत्री श्रीमती बंतो कटारिया सहित पूर्व मंत्री, विधायक एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
Prominent Journalist Amritpal Singh
Significant Contributions to Journalism & Media
As a senior journalist and Director of Chardikala Time TV, he has played a vital role in strengthening Punjabi media at a global level.










