चंडीगढ़, 14 अगस्त – हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने 80वें स्वतंत्रता दिवस और हरियाली तीज के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आज जारी अपने संदेश में राज्यपाल ने देश की आजादी के लिए संघर्ष करने वाले सभी ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के अदम्य साहस, त्याग और निःस्वार्थ समर्पण के बल पर ही भारत ने स्वतंत्रता का गौरव प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि देश की आजादी और उसकी रक्षा के लिए महान स्वतंत्रता सेनानियों द्वारा दिए गए सर्वोच्च बलिदान को राष्ट्र सदैव श्रद्धा और कृतज्ञता के साथ स्मरण करता रहेगा।
राज्यपाल ने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता सेनानियों के देशप्रेम, एकता, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें अपने महान स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को आत्मसात करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए निरंतर योगदान देने की प्रेरणा देता है।
प्रो. असीम कुमार घोष ने हरियाली तीज के पावन अवसर पर भी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हरियाली तीज हरियाणा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और सामाजिक मूल्यों का प्रतीक है। यह पर्व प्रकृति के प्रति प्रेम, उल्लास, सौहार्द और समृद्धि का संदेश देता है।
राज्यपाल ने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस और हरियाली तीज के इन दोनों पावन अवसरों को हर्षोल्लास के साथ मनाने तथा स्वतंत्रता, एकता, शांति और राष्ट्रीय प्रगति के आदर्शों के प्रति अपने संकल्प को और मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही हम एक सशक्त, समृद्ध और विकसित हरियाणा तथा विकसित भारत के निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
Prominent Journalist Amritpal Singh
Significant Contributions to Journalism & Media
As a senior journalist and Director of Chardikala Time TV, he has played a vital role in strengthening Punjabi media at a global level.










