प्रयागराज।
बॉलीवुड के लोकप्रिय अभिनेता एवं कॉमेडी के बादशाह राजपाल यादव को जेल से जमानत मिलने की खबर आते ही प्रयागराज में उनके चाहने वालों के बीच खुशी की लहर दौड़ गई। आज सिविल लाइंस स्थित सुभाष चौराहा पर नगरवासियों व आम जनता ने शांतिपूर्ण और भावनात्मक तरीके से खुशी का इज़हार किया।
इस अवसर पर राजपाल यादव जी की तस्वीर पर पूजा-अर्चना कर टीका लगाया गया, मिठाइयाँ बाँटी गईं और एक अनोखे, सकारात्मक तरीके से जश्न मनाया गया। मौजूद लोगों ने दुआ की कि भविष्य में इस प्रकार की कोई परेशानी दोबारा न आए और राजपाल यादव जी जल्द ही अपने प्रशंसकों के बीच सक्रिय रूप से लौटें।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कहा कि चेक बाउंस मामले के कारण राजपाल यादव जी को जेल जाना पड़ा था, लेकिन आज जमानत पर रिहाई मिलने से हम सभी बेहद खुश हैं। “वह हमारे अपने हैं और आज उनके लिए दुआएँ निकली हैं,”—ऐसी भावनाएँ लोगों ने साझा कीं।
जानकारी के अनुसार, डेढ़ करोड़ (₹1.50 करोड़) रुपये जमा किए जा चुके हैं, जबकि शेष राशि के लिए 18 मार्च तक का समय दिया गया है। यह जानकारी मीडिया प्रभारी सनी केसरी द्वारा दी गई।
इस मौके पर राजपाल यादव के चाहने वालों में सुधीर निषाद, रश्मि शुक्ला, सरदार पतविंदर सिंह, आशीष पाल, सुजीत पाल, संतोष सिंह, दीपक पाल, महेंद्र पाल सहित बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे। कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सकारात्मक माहौल में संपन्न हुआ।
