विकसित भारत का सपना हो रहा साकार, हरियाणा के हर जिले को मिली एक्सप्रेस वे की सौगात: मुख्यमंत्री
अब विपक्ष के भ्रमजाल में नहीं आएगी जनता : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
नई दिल्ली , 23 अगस्त- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नांगल चौधरी क्षेत्र में इंटीग्रेटेड मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक हब के रेल संपर्क शुभारंभ समारोह के बाद संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि यह समूचा क्षेत्र आने वाले समय में देश की एक बड़ी आर्थिक राजधानी के रूप में उभरने जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के दृष्टिकोण और पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के प्रयासों से इस परियोजना की मजबूत नींव रखी गई थी, जो आज साकार रूप ले रही है।

उन्होंने कहा कि निजी क्षेत्र के कई बड़े निवेशक इस परियोजना में गहरी रुचि दिखा रहे हैं, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे। इस मौके पर उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, नारनौल के विधायक ओम प्रकाश यादव, महेंद्रगढ़ के विधायक कंवर सिंह यादव उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में हुए बुनियादी ढांचे के विकास को रेखांकित करते हुए कहा कि वर्ष 2014 से पहले जहां चंडीगढ़ से नांगल चौधरी पहुंचने में 10 घंटे लग जाते थे, वहीं अब आधुनिक एक्सप्रेसवे के निर्माण से यह दूरी बेहद कम समय में तय हो रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हरियाणा का प्रत्येक जिला चार मार्गीय और हरित गलियारा एक्सप्रेसवे से सीधे जुड़ चुका है। उन्होंने कहा कि पहले उद्योग लगने के बाद परिवहन साधन जुटाए जाते थे, परंतु वर्तमान सरकार ने पहले विश्व स्तरीय परिवहन व्यवस्था खड़ी की है ताकि महेंद्रगढ़, रेवाड़ी और आसपास के किसानों, व्यापारियों तथा उद्योगपतियों का उत्पाद सीधा मुंबई बंदरगाह के रास्ते वैश्विक बाजारों तक अत्यंत तीव्र गति से पहुंच सके। यह परियोजना हरियाणा के साथ-साथ पड़ोसी राज्य राजस्थान के आर्थिक विकास के लिए भी एक मील का पत्थर साबित होगी।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अब जनता उनके झूठे दावों और झांसे में नहीं आएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश लगातार प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है और प्रधानमंत्री की विकास प्राथमिकताओं में यह क्षेत्र शीर्ष स्थान पर है।
शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में हुए कार्यों के संबंध में पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने बताया कि स्थानीय नेतृत्व की लंबे समय से चली आ रही मांग के अनुसार क्षेत्र में महर्षि च्यवन मेडिकल कॉलेज कोरियावास भी शुरू हो चुका है, जहां विद्यार्थियों की एमबीबीएस की कक्षाएं विधिवत रूप से चल रही हैं। बुनियादी ढांचे के पूर्ण विकास के साथ यह पूरा क्षेत्र समृद्धि और औद्योगिक प्रगति का एक नया केंद्र बनकर उभरेगा।
Prominent Journalist Amritpal Singh
Significant Contributions to Journalism & Media
As a senior journalist and Director of Chardikala Time TV, he has played a vital role in strengthening Punjabi media at a global level.










