
मथुरा। थाना जैत क्षेत्र के गांव नगला नेता में रविवार रात चुनावी रंजिश में खूनी संघर्ष से सनसनी फैल गई। फायरिंग की घटना में एक युवक की सिर में गोली लगने से मौत हो गई, जबकि उसका सगा भाई गंभीर रूप से घायल है।
उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की भले ही अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन गांवों में सत्ता की लड़ाई अब सड़कों पर उतर आई है।
रविवार देर रात गांव नगला नेता में दो गुट आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई, फिर मारपीट शुरू हो गई और देखते ही देखते गोलियां चलने लगीं। फायरिंग में दो सगे भाई अनिल और राधाकृष्ण गोली लगने से लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां सिर में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल राधाकृष्ण ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना की सूचना पर पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। मृतक के घर पर कोहराम मचा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत चुनाव को लेकर गांव में लंबे समय से गुटबाजी चल रही थी और दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ता जा रहा था।
एसपी सिटी राजीव सिंह ने बताया प्रथम दृष्टया मामला चुनावी रंजिश से जुड़ा हुआ है। गांव में उदयवीर और नरेश के बीच पुराना विवाद चला आ रहा था। रविवार रात पहले दोनों पक्षों में मारपीट हुई, इसके बाद फायरिंग हुई, जिसमें राधाकृष्ण की मौत हो गई और उसका भाई अनिल घायल हुआ है। चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
