एमडीयू में नशा मुक्ति रैली को दिखाई हरी झंडी, प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए नशा मुक्त समाज बनाने का आह्वान
चंडीगढ़ 25 अक्टूबर – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत @2047 के संकल्प को साकार करने के लिए युवाओं को नशे से बचाना और उन्हें राष्ट्र निर्माण से जोड़ना जरूरी है। नशा समाज के लिए गंभीर खतरा है। इससे निपटने के लिए शिक्षक, विद्यार्थी और समाज के सभी वर्ग मिलकर नशामुक्त भारत के निर्माण को जनआंदोलन बनाएं। यह आह्वान हरियाणा के राज्यपाल एवं महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) के कुलाधिपति प्रो. असीम कुमार घोष ने किया। वे रविवार को एमडीयू रोहतक में एनएसएस सेल द्वारा आयोजित नशा मुक्ति जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना कर रहे थे।

राज्यपाल एवं कुलाधिपति प्रो. असीम कुमार घोष ने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य तभी हासिल होगा, जब देश का युवा स्वस्थ, जागरूक और नशे से दूर होगा। युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग देश के विकास में होना चाहिए। इसके लिए नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और युवाओं को सामाजिक सरोकारों से जोड़ना जरूरी है। इस अवसर पर राज्यपाल की धर्मपत्नी एवं हरियाणा की प्रथम महिला श्रीमती मित्रा घोष की गरिमामयी उपस्थिति रहीं।
इस जागरूकता रैली में नेशनल इंटीग्रेशन कैंप में भाग ले रहे आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, ओड़िसा, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, जम्मू कश्मीर, पंजाब, हरियाणा आदि नौ राज्यों के 172 श्रेष्ठ एनएसएस स्वयंसेवकों ने पारंपरिक परिधानों में शामिल होकर नशे के खिलाफ जागरूकता का सार्थक संदेश दिया।
एमडीयू के कुलपति प्रो. मिलाप पूनिया ने स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए नशामुक्त वातावरण को जरूरी बताते हुए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया। एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक प्रो. सविता राठी ने स्वागत भाषण में नेशनल इंटीग्रेशन कैंप बारे जानकारी दी। मंच संचालन प्रो. दिव्या मल्हान ने किया।
इस अवसर पर डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. रणदीप राणा, रजिस्ट्रार प्रो. संदीप बंसल, श्रीमती राखी बंसल, डीन कॉलेज डेवलपमेंट काउंसिल प्रो. राजेश पूनिया, डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर प्रो. सपना गर्ग, खेल निदेशक कुलताज सिंह, निदेशक कैंपस फॉरेस्ट्री प्रो. सुरेंद्र यादव, निदेशक युवा कल्याण डॉ. प्रताप राठी, फैकल्टी हाउस इंचार्ज डॉ. संजीव कुमार और एनएसएस उप निदेशक प्रो. अंजू पंवार सहित एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी, स्वयंसेवक और उनके प्रभारी उपस्थित रहे।
-सच्ची आध्यात्मिकता केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं, बल्कि जरूरतमंदों की सेवा व समाज कल्याण में निहित है
-रोहतक के टिकाणा संत बाबा सांवल शाह आश्रम में आयोजित वार्षिक यज्ञ संगम एवं भंडारे में राज्यपाल एवं प्रथम महिला श्रीमती मित्रा घोष ने की शिरकत
चंडीगढ़, 25 अक्टूबर: हरियाणा के राज्यपाल प्रो असीम कुमार घोष ने कहा कि भारत की समृद्ध संत परंपरा ने सदैव समाज को प्रेम, करुणा, सद्भाव और मानवता का मार्ग दिखाया है। संतों की वाणी और विचार हमें यह सिखाते हैं कि सच्ची आध्यात्मिकता केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंदों की निस्वार्थ सेवा, परस्पर सम्मान और समाज के समग्र कल्याण में निहित है।
राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष रविवार को रोहतक में टिकाणा संत बाबा सांवल शाह आश्रम के बाबा प्रेमदास की स्मृति में आयोजित वार्षिक यज्ञ संगम एवं भंडारे के पावन अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं, आयोजकों और साधु-संतों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर हरियाणा की प्रथम महिला श्रीमती मित्रा घोष भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि यज्ञ हमारी प्राचीन सांस्कृतिक परंपरा का पावन प्रतीक है, जो हमें त्याग, समर्पण और लोकमंगल की भावना का संदेश देता है। वहीं, भंडारा सेवा, समानता और भाईचारे की भावना को सुदृढ़ करता है, जहाँ सभी वर्ग के लोग एक साथ बैठकर सामाजिक समरसता का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत करते हैं। उन्होंने इस बात पर विशेष बल दिया कि वर्तमान समय में संतों की इन अमूल्य शिक्षाओं को अपने दैनिक जीवन में उतारने, युवा पीढ़ी को नैतिक मूल्यों व संस्कारों से जोड़ने और समाज में प्रेम, सद्भाव तथा आपसी सहयोग की भावना को और अधिक प्रगाढ़ करने की महती आवश्यकता है।
राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने इस भव्य व पुनीत आयोजन के लिए आश्रम प्रबंधन के सभी पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि हम सब मिलकर एक ऐसे समाज के निर्माण का संकल्प लें, जहाँ सेवा ही हमारा धर्म हो, मानवता सर्वोच्च मूल्य बने और सद्भाव ही हमारी पहचान स्थापित करे।
कार्यक्रम के दौरान हरियाणा की प्रथम महिला श्रीमती मित्रा घोष ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए सभी के प्रति अपनी मंगल कामना व्यक्त कीं। उन्होंने सभी के सुखद, समृद्ध और उत्तम वर्ष की कामना करते हुए कहा कि ईश्वर का संकीर्तन और भक्ति ही हमारे जीवन का एकमात्र सच्चा मार्ग है। श्रीमती मित्रा घोष ने अपने विचार साझा करते हुए कहा, भगवान बांके बिहारी ही हम सभी के पालनहार हैं और वही सभी का ध्यान रखते हैं। ईश्वर की कृपा और आशीर्वाद से ही जीवन में प्रगति संभव है। जीवन में हमेशा प्रभु का स्मरण करते हुए आगे बढ़ना चाहिए, क्योंकि उनकी कृपा ही सदैव हमारा मार्गदर्शन करती है। उन्होंने सभी उपस्थित श्रद्धालुओं व नागरिकों को हृदय से शुभकामनाएं एवं शुभाशीष प्रदान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महंत राघवेंद्र भारती ने राज्यपाल महोदय, उपस्थित संत समाज, प्रशासनिक अधिकारियों एवं गणमान्य अतिथियों का स्वागत व अभिनंदन किया। उन्होंने हरियाणा में रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा निरंतर की जा रही निस्वार्थ मानव सेवा और कल्याणकारी कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए आशीर्वाद दिया। इसके साथ ही उन्होंने आश्रम द्वारा पूज्य संतों के सान्निध्य में चलाए जा रहे नशा मुक्त भारत अभियान का उल्लेख करते हुए बताया कि पानीपत में आयोजित यात्रा को 5,000 से अधिक लोगों का भरपूर समर्थन मिला। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से नशा मुक्ति व सेवा कार्यों में निरंतर सहयोग देने की अपील की।
इस अवसर पर स्वामी राघवेंद्र भारती, बाबा मदन शाह, स्वामी शंकराचार्य, बाबा सूखा शाह, बाबा गौरव, बाबा हरपाल, रामसुख महाराज, स्वामी अरविंद, परमानंद महाराज, बाबा कर्णपुरी, गुलशन दुआ, भाजपा नेता अमरजीत सिंह, उद्योगपति राजेश जैन, हरियाणा में रेड क्रॉस सोसाइटी के वाइस चेयरमैन अंकुश मिगलानी, पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल, जिला राजस्व अधिकारी सुशील कुमार सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
Prominent Journalist Amritpal Singh
Significant Contributions to Journalism & Media
As a senior journalist and Director of Chardikala Time TV, he has played a vital role in strengthening Punjabi media at a global level.










