शैक्षणिक संस्थानों की श्रेणी में हरियाणा की सर्वाधिक भागीदारी, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का आयोजन देशभर में रहा सबसे बड़ा
3,200 से अधिक युवाओं ने एक साथ लिया नशा मुक्त भारत का संकल्प
राष्ट्रीय अभियान की सफलता में खेल मंत्री गौरव गौतम के सक्रिय नेतृत्व की भी रही महत्वपूर्ण भूमिका
चंडीगढ़, 4 अगस्त Amritpal Singh

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में लगभग 3,200 से अधिक विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं युवाओं ने एक साथ नशा मुक्त भारत का संकल्प लिया। यह आयोजन विश्वविद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों की श्रेणी में देशभर का सबसे बड़ा आयोजन रहा, जिसने युवाओं की जागरूकता और सामाजिक भागीदारी का नया मानदंड स्थापित किया।
कार्यक्रम में हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के लाइव संबोधन के साथ युवाओं को नशा मुक्त भारत की शपथ दिलाई और कहा कि युवा शक्ति ही विकसित भारत के संकल्प की सबसे बड़ी ताकत है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने भी देशभर के युवाओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए नशे के विरुद्ध जन आंदोलन खड़ा करने का आह्वान किया।
भारत सरकार द्वारा सभी राज्यों के राज्यपालों से अपने-अपने राज्यों के मुख्य कार्यक्रम में शामिल होने का अनुरोध किया गया था। इसी क्रम में हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में भाग लेकर युवाओं का उत्साहवर्धन किया और उन्हें नशे के विरुद्ध समाज में जनजागरण का नेतृत्व करने का संदेश दिया।
राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष एवं मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में हरियाणा ने इस राष्ट्रीय अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप दिया। प्रदेश सरकार का लक्ष्य आगामी 100 सप्ताह तक लगातार जनजागरूकता अभियान चलाकर नशे के खिलाफ व्यापक सामाजिक चेतना विकसित करना और हरियाणा को नशामुक्त बनाने के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है।
उल्लेखनीय है कि इस राष्ट्रीय अभियान के अंतर्गत देशभर के 28 हजार से अधिक स्थानों पर एक साथ कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें एक करोड़ से अधिक युवाओं एवं विद्यार्थियों ने नशा मुक्त भारत का संकल्प लिया। इनमें शैक्षणिक संस्थानों की श्रेणी में हरियाणा की सर्वाधिक भागीदारी तथा कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में देशभर की सबसे अधिक उपस्थिति ने प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान दिलाई।
राष्ट्रीय अभियान की सफलता में खेल मंत्री गौरव गौतम के सक्रिय नेतृत्व की भी रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस राष्ट्रीय अभियान की सफलता में हरियाणा के युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता तथा खेल मंत्री श्री गौरव गौतम के सक्रिय नेतृत्व के साथ शिक्षा विभाग, युवा कार्यक्रम एवं खेल विभाग, माई भारत, एनएसएस, एनसीसी, नेहरू युवा केंद्र संगठन तथा अन्य संबंधित विभागों एवं संस्थाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सभी विभागों के समन्वित प्रयासों के परिणामस्वरूप हरियाणा में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का आयोजन विश्वविद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों की श्रेणी में देश का सबसे बड़ा आयोजन बनकर सामने आया।
Prominent Journalist Amritpal Singh
Significant Contributions to Journalism & Media
As a senior journalist and Director of Chardikala Time TV, he has played a vital role in strengthening Punjabi media at a global level.










