
स्मार्ट मीटर योजना के नाम पर जनता पर डाला जा रहा अतिरिक्त बोझ : अभिषेक सिंह राणा
समाचार 18 न्यूज़ के लिए रोहित टंडन की खास रिपोर्ट
सुल्तानपुर। जनपद में स्मार्ट मीटर लगाए जाने के मुद्दे पर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने इस योजना को सरकार की जनविरोधी नीति करार देते हुए इसके खिलाफ बृहस्पतिवार को सड़क पर उतर कर आंदोलन की चेतावनी दी है। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को इस संबंध में व्यापक आंदोलन की रणनीति तैयार की गई है। आंदोलन में जिले भर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम नागरिक भी बड़ी संख्या में शामिल होंगे। आंदोलन के माध्यम से सरकार से स्मार्ट मीटर योजना पर तत्काल रोक लगाने की मांग की जाएगी। अभिषेक सिंह राणा ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर से आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा, जिससे लोगों की परेशानियां बढ़ेंगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनहित के मुद्दों पर चुप नहीं बैठेगी और जरूरत पड़ी तो इस आंदोलन को बड़ा रूप दिया जाएगा। वहीं, उन्होंने जिले में घरेलू गैस की उपलब्धता को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने सरकार से इन आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। शहर अध्यक्ष शकील अंसारी ने स्मार्ट मीटर योजना को पूरी तरह जनविरोधी बताया,उन्होंने कहा कि इससे आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा, कांग्रेस पार्टी इसका विरोध करेगी और जरूरत पड़ने पर और बड़ा आंदोलन किया जाएगा। साथ ही घरेलू गैस की आपूर्ति भी सुनिश्चित की जानी चाहिए।
